अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के पास नेशनल हाईवे-43 पर गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे बड़ा हादसा हो गया। बाइक सवार दो युवकों और एक बुजुर्ग महिला की पुल के नीचे गिरने से मौत हो गई। बाइक करीब 12 से 15 फीट नीचे जा गिरी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर की आशंका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला फुनगा पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत पाली का है। दो की मौके पर मौत मृतकों की पहचान आर्यन केवट (21), पिता रामस्वरूप केवट, पंकज केवट (22), पिता राजेश केवट और देववती केवट (56), पति बद्री केवट, निवासी ग्राम बकेली, थाना कोतवाली अनूपपुर के रूप में हुई है। रिश्ते में पंकज, आर्यन का फुफेरा भाई था। देववती, आर्यन की दादी और पंकज की नानी थीं। हादसे में दादी और पोते मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नाती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुनगा ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। बिजुरी में कथा में शामिल होकर लौट रहे थे आर्यन के चचेरे भाई दीपक केवट ने बताया कि बिजुरी में एक रिश्तेदार तीर्थयात्रा से लौटे थे। इसी उपलक्ष्य में बुधवार शाम कथा का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए आर्यन अपने फुफेरे भाई पंकज और दादी देववती के साथ बाइक (MP 65 ZC 9444) से बिजुरी गया था। रात वहीं रुकने के बाद तीनों गुरुवार सुबह बकेली स्थित घर लौट रहे थे। पुल की रेलिंग पार कर नीचे गिरी बाइक परिजनों के अनुसार, पाली के पास पुल से गुजरते समय बाइक अनियंत्रित होकर करीब 12 से 15 फीट नीचे गिर गई। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों ने सामने से किसी अज्ञात वाहन के गुजरने और टक्कर के बाद बाइक के नीचे गिरने की आशंका जताई है। हालांकि, दुर्घटना का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। आर्यन परिवार का इकलौता बेटा था परिजनों के मुताबिक, आर्यन दसवीं तक पढ़ा था और परिवार में अपनी बहन के साथ रहता था। उसकी बहन नौवीं कक्षा में पढ़ती है। पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वहीं, पंकज माइनिंग कोर्स की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता की कई साल पहले मौत हो चुकी थी। उसकी मां दुर्गा केवट आशा कार्यकर्ता हैं। परिवार में पंकज का एक छोटा भाई भी है। पुलिस ने शुरू की जांच चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते ने बताया कि स्थानीय लोगों ने हादसा देखकर पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों का पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की है। पुलिस अज्ञात वाहन की भूमिका सहित हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

