Imran Khan Leave India: मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान के भांजे और बॉलीवुड एक्टर इमरान खान को मुंबई पुलिस द्वारा 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया गया है। इमरान को ये नोटिस CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को अगस्त क्रांति मैदान में हुए धरना प्रदर्शन में हिस्सा लेने बाद दिया गया है। प्रदर्शन के दौरान मुंबई पुलिस ने इमरान को गिरफ्तार भी किया था।
इमरान खान को भारत छोड़ो नोटिस पर मुंबई पुलिस ने क्या कहा?
मुंबई पुलिस का कहना है कि इमरान खान को ‘लीव इंडिया नोटिस’ (LIN) जारी किया गया है। इस नोटिस के अनुसार, उन्हें 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने के लिए कहा गया है। इमरान खान ने मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए उस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था, जिसमें CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी। इस प्रदर्शन के बाद, पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। इमरान खान ने भारतीय नागरिक न होने के बावजूद इस विरोध प्रदर्शन में भाग लिया था।
क्या है पूरा मामला?
आपकी जानकारी के लिये बता दें कि इमरान खान पर ये कार्यवाई इमिग्रेशन एक्ट की संबंधित धारा के तहत इंडियन सिटिजनशिप ना होते हुए भी भारत में इस तरह के प्रोटेस्ट में शामिल होने के आरोप के चलते की गई है। इमरान खान को मिले इस नोटिस के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स के रिएक्शंस आ रहे हैं। कोई इस नोटिस को सही ठहरा रहा है तो कोई इसके खिलाफ टिप्पणी कर रहा है। वहीं, कुछ लोग इसे एक पब्लिसिटी स्टंट भी बता रहे हैं।
सोशल मीडिया पर इमरान खान के भारत छोड़ो नोटिस पर छिड़ी बहस
बता दें कि डेली-वेळी एक्टर इमरान खान को मिले नोटिस की खबर के बाद से X (पहले ट्विटर) पर यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है। एक X यूजर ने लिखा, ‘यह बेशर्म इमरान खान अगर विरोध-प्रदर्शन में शामिल होना चाहता है, तो पहले अपना विदेशी पासपोर्ट सरेंडर करे, भारतीय नागरिकता ले, फिर CJP के समर्थन में एकजुटता दिखाए और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करे।, दूसरे यूजर ने लिखा, ‘किसी पिक्चर में काम दे दो बेचारे को।’ एक ने लिखा, ‘इमरान खान काम करने आए हैं, विरोध प्रदर्शन करने नहीं।’
जबकि, एक यूजर ने कमेंट किया, ‘अगर आप टूरिस्ट वीजा पर भारत आ रहे हैं, तो बेहतर होगा कि आप एक पर्यटक की तरह बर्ताव करें, न कि किसी आतंकवादी की तरह।
वहीं, एक यूजर ने इमरान खान का पक्ष लेते हुए कमेंट किया, ‘वाह! अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वालों को चुप कराने के लिए क्या-क्या नहीं किया जाता।’ जबकि एक ने लिखा, ”मुझे उसके इरादों से कोई मतलब नहीं है, हो सकता है यह PR हो या न हो, लेकिन इमरान, तुम्हारी मौजूदगी और तुम्हारी आवाज मायने रखती है!।
एक यूजर ने आकाश अंबानी और ईशा अंबानी की सिटिजनशिप पर सवाल उठाते हुए लिखा, ‘मुझे शक है; आकाश अंबानी और ईशा अंबानी के पास अमेरिकी नागरिकता है, तो फिर मुंबई पुलिस उन्हें आम तौर पर वीआईपी ट्रीटमेंट क्यों देती है?’
इमरान खान के साथ जुड़े हैं विवाद
हालांकि, ये पहला ऐसा मौका नहीं है, जब इमरान खान किसी विवाद में फंसे हैं। इससे पहले भी वो कई बार विवादों के चलते सुर्खियां बटोर चुके हैं. उनकी शादी, निजी जिंदगी, फिल्मी करियर और नेपोटिज्म को लेकर भी बातें होती रही हैं। इमरान ने साल 2011 में अवंतिका मलिक से शादी की थी और दोनों की एक बेटी है, जिसका नाम इमारा है। आमिर खान के भांजे होने और आमिर खान प्रोडक्शंस से जुड़ी उनकी पहली फिल्म के कारण उनका नाम नेपोटिज्म की बहस में भी आया।

