वाराणसी में बाढ़ का पानी घटने के बाद गुरुवार को दशाश्वमेध और प्रयाग घाट पर फैली गंदगी और मलबे की सफाई के लिए नमामि गंगे के युवा स्वयंसेवकों ने विशेष अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक और नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने किया। युवाओं ने घाटों की सफाई कर मां गंगा की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान का उद्देश्य युवा पीढ़ी में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें गंगा संरक्षण से जोड़ना रहा। स्वयंसेवकों ने संकल्प लिया कि वे गंगा में प्लास्टिक, बोतलें, थर्मोकोल, रासायनिक पेंट से बनी मूर्तियां और पूजन सामग्री नहीं डालेंगे। उन्होंने लोगों से भी नदी को प्रदूषण मुक्त रखने में सहयोग करने की अपील की। स्वयंसेवकों ने कहा कि गंगा की स्वच्छता और संरक्षण केवल अभियान तक सीमित नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

