कानपुर के नौबस्ता से रामादेवी फ्लाईओवर के बीच ई-ऑटो में सवार चार युवकों पर नेपाली युवक के साथ मारपीट कर 8 हजार रुपए छीनने का आरोप लगा है। आरोप है कि युवक को चलती गाड़ी से फेंकने की धमकी देकर रुपये छीन लिए गए और फिर उसे फ्लाईओवर पर छोड़कर आरोपी भाग निकले। रामादेवी चौराहे पर 112 पुलिस को देखकर पीड़ित फूट-फूटकर रोने लगा। इसका वीडियो बुधवार रात 9:30 सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। पीड़ित की पहचान नेपाल निवासी वीर बहादुर (27) के रूप में हुई है। वह अहमदाबाद के एक होटल में कर्मचारी है। त्योहार की छुट्टी लेकर वह अपने घर नेपाल लौट रहा था। जानकारी के मुताबिक, बस चालक ने उसे नौबस्ता क्षेत्र में उतार दिया। इसके बाद वीर बहादुर ने रामादेवी जाने के लिए ई-ऑटो रोका। आरोप है कि चालक ने 30 रुपए किराया बताकर उसे बैठा लिया। ऑटो में चालक समेत चार युवक मौजूद थे। पीड़ित के मुताबिक, रास्ते में आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और चलती गाड़ी से फेंकने की धमकी देकर जेब में रखे आठ हजार रुपए छीन लिए। इसके बाद आरोपी उसका मोबाइल तलाशने लगे। वीर बहादुर ने बताया कि मोबाइल की बैटरी खत्म होने के कारण उसने उसे बैग में रखा था। वारदात के बाद आरोपी उसे मंगलाविहार के पास फ्लाईओवर पर छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह रामादेवी चौराहे पहुंचे वीर बहादुर को रोता देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची 112 पुलिस ने उससे पूछताछ की और मामले की जानकारी जुटाई। वायरल वीडियो में युवक पुलिस को देखकर भावुक होता नजर आ रहा है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र के मुताबिक, मंगलवार दोपहर किराये को लेकर युवक और ई-ऑटो चालक के बीच कहासुनी हुई थी। उनके अनुसार, पीड़ित ने उस समय तहरीर नहीं दी थी और वह चला गया था। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, लूट और मारपीट के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

