कानपुर के पनकी में एमआईजी रोड स्थित बेडलॉक गेस्ट हाउस के बाहर पंडाल में फूल-माला की सजावट करते समय 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर झुलसे डेकोरेशनकर्मी के मामले में पुलिस ने गेस्ट हाउस मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घायल कर्मचारी के भाई की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष ने गेस्ट हाउस संचालक पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं करने का आरोप लगाया है। बिठूर के बाकरगंज स्थित रमेश नगर निवासी संजय के मुताबिक, उनका भाई गोपाल कुशवाह 12 अक्टूबर को ठेकेदार अजय उर्फ भूरा के साथ पनकी के बेडलॉक गेस्ट हाउस में फूल-माला की सजावट करने गया था। गेस्ट हाउस के बाहर मालिक विजय चड्ढा ने कार्यक्रम के लिए पंडाल लगवाया था। इसी पंडाल में सजावट का काम चल रहा था। संजय के अनुसार, पंडाल के पास से ही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी। खंभे पर काम करते समय करंट की चपेट में आया सोमवार दोपहर करीब एक बजे गोपाल पंडाल के खंभे पर चढ़कर सजावट का काम कर रहा था। इसी दौरान वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में भी चिंता फैल गई। भाई ने लगाया लापरवाही का आरोप संजय ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि पंडाल के पास से हाईटेंशन लाइन गुजरने के बावजूद वहां काम कराने के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। बिजली की खतरनाक लाइन के नीचे सजावट का काम कराए जाने के कारण उनके भाई की जान जोखिम में पड़ गई। उनका आरोप है कि यदि काम के दौरान जरूरी सुरक्षा उपाय किए गए होते, तो इस तरह का हादसा टाला जा सकता था। मामले में पुलिस ने गेस्ट हाउस मालिक विजय चड्ढा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर रही है। एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि घटना में परिजनो की ओर से जो तहरीर प्राप्त हुई थी उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

