सीएमओ के निरीक्षण में दो संविदा कर्मी गैरहाजिर मिले:श्रावस्ती में उपस्थिति के आधार पर वेतन देने का निर्देश

सीएमओ के निरीक्षण में दो संविदा कर्मी गैरहाजिर मिले:श्रावस्ती में उपस्थिति के आधार पर वेतन देने का निर्देश

श्रावस्ती में स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर अंकुश लगाने के लिए सीएमओ डॉ. अशोक कुमार सिंह ने बुधवार को दोपहर 2:00 बजे से 3:00 के बीच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरिहरपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सक डॉ. राकेश शर्मा और लैब टेक्नीशियन दिव्या सिंह अनुपस्थित मिले। दोनों संविदा कर्मियों के आठ अक्टूबर से हड़ताल पर होने की जानकारी मिलने पर सीएमओ ने संबंधित कर्मचारियों को अनुपस्थित दर्ज करने और वर्तमान माह का वेतन वास्तविक उपस्थिति के आधार पर ही जारी करने के निर्देश दिए। सीएमओ ने सहायक शोध अधिकारी सुरेश यादव के साथ स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान स्टाफ नर्स सरस्वती भारती उपस्थित मिलीं। फार्मासिस्ट ने बताया कि अनुपस्थित कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। इसके बाद सीएमओ ने ग्राम पंचायत चितईपुर के पंचायत भवन में संचालित वीएचएसएनडी (ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस) टीकाकरण सत्र का निरीक्षण किया। यहां एएनएम मंजू देवी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री माधुरी देवी वर्मा और पंचायत सहायक ज्ञानवती वर्मा उपस्थित मिलीं। ड्यू लिस्ट में दर्ज 17 लाभार्थियों के सापेक्ष सात का टीकाकरण किया जा चुका था। इनमें चार गर्भवती महिलाएं और तीन बच्चे शामिल थे। सत्र पर आवश्यक वैक्सीन और अन्य संसाधन उपलब्ध पाए गए। सीएमओ ने गर्भवती महिलाओं और बच्चों को समय से टीकाकरण सेवाएं उपलब्ध कराने तथा सभी पात्र लाभार्थियों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कर्मियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करना होगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *