फरीदाबाद में त्योहारों के दौरान अवैध रूप से पटाखों के स्टॉक और बिक्री पर रोक लगाने के लिए क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने पुराना खेड़ी रोड पर एक गोदाम पर रेड कर 7,270 किग्रा पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने गोदाम संचालक हेमंत वधवा निवासी सैयदवाड़ा, ओल्ड फरीदाबाद को काबू किया है। वह पटाखों के स्टॉक एवं बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस और परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना बीपीटीपी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अवैध रूप से पटाखों के निर्माण, स्टॉक और बिक्री पर रोक लगाने के लिए संदिग्ध स्थानों पर औचक निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस टीम ने गोदाम संचालक हेमंत वधवा की उपस्थिति में गोदाम के कमरों की तलाशी ली गई, जहां पर भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार के पटाखे रखे हुए पाए गए। दो कमरों में 7,270 किग्रा पटाखे मिले जांच के दौरान गोदाम के दो कमरों में अलग-अलग ब्रांड के पटाखे पेटियों और खुले रूप में रखे मिले। इनमें अनार, फुलझड़ी, सुतली बम, बिजली बम, चकरी, स्काई शॉट, बुलेट बम, मैजिक पेपर शॉट सहित अन्य प्रकार के पटाखे शामिल थे। पुलिस द्वारा बरामद पटाखों का कुल वजन 7,270 किग्रा पाया गया। पुलिस टीम ने पटाखों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। 2025 में समाप्त हो चुका लाइसेंस प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि संचालक ने उस गोदाम किराए पर लिया हुआ था। उसके पास पहले पटाखे बेचने का लाइसेंस था, जो कि 2025 में समाप्त हो चुका था। इसके बावजूद उसने झज्जर और रोहतक क्षेत्र से पटाखे खरीदकर गोदाम में स्टॉक किया हुआ था। पुलिस टीम द्वारा अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि पटाखों की खरीद, स्टॉक और बिक्री से संबंधित तथ्यों का पता लगाया जा सके। पुलिस जांच कर रही पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि अवैध रूप से पटाखों के भंडारण एवं बिक्री के मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य नियमों का उल्लंघन कर पटाखों का भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इस मामले में थाना बीपीटीपी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

