खमरिया थाना क्षेत्र के पिपरिया टोला स्थित बोगदा केनाल में नहाने गए 11 वर्षीय आशीष ठाकुर का शव चार दिन बाद बुधवार सुबह मिल गया। बालक का शव पनागर थाना क्षेत्र के तिनछिनी खरोंद गांव के पास बर्ग की बड़ी नहर में तैरता हुआ मिला। सूचना मिलते ही पनागर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। बाद में परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसकी पहचान आशीष ठाकुर पिता किशोर ठाकुर के रूप में की। मासूम का शव मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल है। रविवार को नहाने गया था आशीष, फिर नहीं लौटा जानकारी के अनुसार आशीष ठाकुर रविवार को खमरिया थाना क्षेत्र के पिपरिया टोला स्थित बोगदा केनाल में नहाने गया था। इसी दौरान वह लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई थी। इसके बाद पुलिस और बचाव दल ने उसकी तलाश शुरू की। केनाल में पानी का बहाव तेज होने के कारण तलाशी अभियान में काफी दिक्कतें आईं। लगातार तीन दिन तक बालक का पता नहीं चलने पर परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई थी। मंगलवार को थाने का घेराव कर किया था चक्काजाम आशीष का सुराग नहीं मिलने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को खमरिया थाने का घेराव कर हंगामा किया था। इस दौरान चक्काजाम कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की गई थी। आशीष की मां पूजा ठाकुर ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने समय पर एफआईआर दर्ज नहीं की और एसडीआरएफ की टीम को बुलाने में भी देरी हुई। ग्रामीणों ने मांग की थी कि बच्चे का जल्द पता लगाया जाए और यदि पुलिस की ओर से लापरवाही हुई है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए। सीएसपी ने दिया था कार्रवाई का आश्वासन मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी रांझी-खमरिया सतीश साहू मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और परिजनों को आश्वस्त किया था कि तलाश के लिए एसडीआरएफ के साथ डीप डाइवर टीम भी तैनात की गई है। सीएसपी ने यह भी कहा था कि जांच में पुलिस स्तर पर किसी तरह की लापरवाही सामने आने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बुधवार सुबह नहर में तैरता मिला शव बुधवार सुबह करीब 9 बजे डायल 112 के माध्यम से पनागर पुलिस को तिनछिनी खरोंद गांव के पास नहर में एक बालक का शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। जानकारी मिलने पर परिजन भी वहां पहुंचे और शव की पहचान आशीष ठाकुर के रूप में की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर भेज दिया है। पनागर और खमरिया पुलिस कर रही जांच चार दिन से लापता बालक का शव मिलने के बाद परिवार की तलाश खत्म हो गई, लेकिन घर में मातम छा गया है। पुलिस अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पनागर और खमरिया थाना पुलिस घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से मौत के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

