चित्रकूट के राघव प्रयाग घाट पर अंतरराष्ट्रीय श्रीरामलीला उत्सव शुरू हुआ। सात दिन चलने वाले इस महोत्सव के पहले दिन थाईलैंड के कलाकारों ने पारंपरिक खोन नृत्य शैली में श्रीराम जन्म और बाल लीलाओं का मंचन किया। मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग, श्रीरामचंद्र पथ गमन न्यास और वीर भारत न्यास ने इसका आयोजन किया है। सतना सांसद गणेश सिंह, चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार समेत कई लोगों ने दीप जलाकर उत्सव का शुभारंभ किया। देखें, 4 तस्वीरें…. थाईलैंड के श्री रामाकेन दल ने श्रीराम जन्म, विश्वामित्र आगमन, ताड़का वध और अहिल्या उद्धार के प्रसंग दिखाए। उनकी रामायण परंपरा ‘रामाकियन’ और भारतीय रामकथा के प्रसंगों में सांस्कृतिक समानता दिखी। उत्सव में रूस का ‘दिशा रामलीला’ दल रावण वध और श्रीरामराज्य के प्रसंग प्रस्तुत करेगा। आंध्र प्रदेश के कलाकार यक्षगान शैली में सीता स्वयंवर और तेलंगाना के कलाकार चंडू भागवतम् शैली में सीता हरण का मंचन करेंगे। यह आयोजन 13 से 19 अक्टूबर तक है।

