हरदा जिले के हंडिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम ग्राम रेलवा के पास एक खेत में 30 वर्षीय युवक का शव नीम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। युवक 5 अक्टूबर से लापता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। बुधवार सुबह नर्मदापुरम से फोरेंसिक टीम आने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। 8 दिन से लापता था युवक पुलिस के अनुसार, सेमला टप्पर निवासी सुखराम गार्गव (30) 5 अक्टूबर से लापता था। परिजनों ने 7 अक्टूबर को हंडिया थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 13 अक्टूबर को उसके घर से करीब आधा किलोमीटर दूर एक खेत में मक्का काट रहे मजदूरों ने नीम के पेड़ पर शव लटका देखा। उन्होंने इसकी सूचना परिजनों को दी। 2023 में की थी लव मैरिज मृतक के बड़े भाई अशोक ने बताया कि सुखराम तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसने 2023 में लव मैरिज की थी। उसकी कोई संतान नहीं थी और वह मजदूरी करता था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

