बदायूं जिले के बिल्सी नगर के मोहल्ला नंबर 5 में मंगलवार शाम एक आवारा सांड ने घर के बाहर बंधी घोड़ी पर हमला कर दिया। हमले में घोड़ी का पेट फट गया और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। घोड़ी की हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए सांड को वहां से भगाया और घायल घोड़ी को बचाया। घोड़ी के हिनहिनाने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। कई बार सींग मारकर घोड़ी को किया घायल स्थानीय निवासी निजाकत ने बताया कि सांड ने घोड़ी पर कई बार हमला किया और सींग मारकर उसका पेट फाड़ दिया। घोड़ी के हिनहिनाने की आवाज सुनकर लोग दौड़ पड़े और सांड को वहां से भगाया। मोहल्ला नंबर 5 निवासी राजा ने बताया कि मंगलवार शाम घोड़ी घर के बाहर बंधी थी। इसी दौरान सांड ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पेट फटने से गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत सूचना मिलने पर पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे और घायल घोड़ी का इलाज शुरू किया। पशु चिकित्सक वरुण शर्मा ने बताया कि सांड के हमले में घोड़ी का पेट फट गया और उसके पेट का बच्चा बाहर आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल घोड़ी का इलाज किया जा रहा है और उसकी हालत गंभीर है। घोड़ी मालिक रामधुन ने बताया कि उनकी घोड़ी की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

