बारां जिले में नेशनल हाईवे-27 पर बांसथूनी के पास देर रात सड़क हादसा हो गया। सरिए से भरी एक खड़ी पिकअप को पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल बारां में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, NH-27 पर सरिए से लदी एक पिकअप सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप में भरे सरिए ट्रक के केबिन में घुस गए और चालक उसी में फंस गया।
हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही भंवरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल ड्राइवर को बाहर निकालकर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा।
पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर ट्रैफिक सामान्य करवाया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

