भुवनेश्वर कुमार की वापसी पर पूर्व बॉलिंग कोच भरत अरुण का बड़ा बयान, बोले- न्यूजीलैंड दौरा होगा असली इम्तिहान

भुवनेश्वर कुमार की वापसी पर पूर्व बॉलिंग कोच भरत अरुण का बड़ा बयान, बोले- न्यूजीलैंड दौरा होगा असली इम्तिहान

Bhuvneshwar kumar: चार साल बाद टीम इंडिया में लौटे भुवनेश्वर कुमार के भविष्य पर भरत अरुण ने फिटनेस को अहम बताया। जानें न्यूजीलैंड दौरे का प्रदर्शन क्यों होगा निर्णायक। 

Bharat Arun on Bhuvneshwar Kumar: भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने चार साल बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी की है। उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है। हालांकि, भारत के पूर्व गेंदबाजी कोच भरत अरुण का मानना है कि भुवनेश्वर को टीम की भविष्य की योजनाओं में शामिल करने से पहले न्यूजीलैंड दौरे पर उनके प्रदर्शन को देखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर की सबसे बड़ी चुनौती उनकी गेंदबाजी नहीं, बल्कि लगातार फिट रहना है।

भुवनेश्वर ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर भारतीय टीम में वापसी का रास्ता बनाया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की ओर से पिछले दो सफल सीजन में उन्होंने 45 विकेट हासिल किए। इसके बाद चयनकर्ताओं ने उन्हें फिर से टीम में जगह दी। साल 2022 के टी20 विश्व कप के बाद से वह भारतीय टीम की योजनाओं से बाहर चल रहे थे।

सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क की ओर से आयोजित एक मीडिया बातचीत में भरत अरुण ने कहा कि भुवनेश्वर को लेकर अभी ज्यादा आगे की नहीं सोचना चाहिए। उनके मुताबिक, न्यूजीलैंड दौरे पर उनका प्रदर्शन काफी अहम होगा। इसके बाद ही यह तय किया जाना चाहिए कि उन्हें लंबे समय तक टीम के साथ रखा जाए या नहीं।

अरुण ने कहा कि भुवनेश्वर बेहतरीन गेंदबाज हैं और उनकी क्षमता पर किसी को संदेह नहीं है। लेकिन अगले डेढ़ साल तक लगातार खेलने के लिए उनकी फिटनेस सबसे महत्वपूर्ण होगी। अगर वह खुद को फिट रखते हैं और अच्छा प्रदर्शन जारी रखते हैं, तो विश्व कप की योजनाओं में उनकी जगह बन सकती है।

अगले दो साल खेल सकते हैं भुवनेश्वर

भरत अरुण का मानना है कि भुवनेश्वर में अभी दो साल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने की क्षमता है। गेंद को स्विंग कराने की उनकी कला और अनुभव भारतीय टीम के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दक्षिण अफ्रीका जैसी परिस्थितियां भुवनेश्वर के गेंदबाजी कौशल के अनुकूल हैं। जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में भुवनेश्वर न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इस सीरीज में अर्शदीप सिंह, मयंक यादव और प्रिंस यादव भी तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे। भुवनेश्वर का प्रदर्शन तय करेगा कि वह आने वाले समय में भारत की टीम में अपनी जगह कितनी मजबूत कर पाते हैं।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *