हरदोई में संडीला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित संडीला डेयरी उद्योग प्राइवेट लिमिटेड (पूनम दूध डेयरी) में मिलावटी दूध के कारोबार की सूचना पर मंगलवार देर रात प्रशासनिक टीम ने छापेमारी की। एसडीएम संडीला नारायणी भाटिया और एएसपी/सीओ श्लोक गौतम के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान करीब 38 हजार लीटर दूध मिला। एसडीएम ने परिसर में संदिग्ध केमिकल मिलने की पुष्टि की है। दूध की गुणवत्ता जांचने के लिए सात नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की संयुक्त टीम ने कई घंटे तक डेयरी परिसर में जांच की। इस दौरान दूध के टैंकरों और अन्य बर्तनों की पड़ताल की गई। दूध की शुद्धता पर सवाल उठने के बाद टीम ने अलग-अलग स्थानों से सात नमूने एकत्र किए। सभी नमूनों को सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी और लगाए गए आरोपों के मुताबिक, यह डेयरी कारोबारी प्रदीप गुप्ता से जुड़ी है। उन पर मिलावटी और सिंथेटिक दूध तैयार करने के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, दूध में मिलावट की पुष्टि अभी प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट से होनी बाकी है। प्रशासन ने दूध के अलावा अन्य संदिग्ध सामग्री को भी जांच के दायरे में लिया है। एसडीएम नारायणी भाटिया ने बताया कि डेयरी से लिए गए नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर दूध की गुणवत्ता और मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी। इसके बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के दौरान इंडस्ट्रियल एरिया में हलचल रही।

