सीतापुर के बिसवां कोतवाली इलाके में पारिवारिक विवाद के बाद शारदा सहायक नहर में कूदे युवक का शव दो दिन बाद मंगलवार शाम करीब 7 बजे बरामद हुआ। बिसवां क्षेत्र के ग्राम खिदरियापुर के निकट नहर में शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। युवक का शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान सफी अहमद (28) पुत्र सब्बन बेग निवासी मोहल्ला थाना, कस्बा व थाना बिसवां के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, सफी अहमद शनिवार रात करीब नौ बजे दुकान से घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में था। इसी बात को लेकर घर में कहासुनी हो गई। विवाद के बाद नाराज होकर वह घर से निकल गया। इसके बाद दक्षिणी शारदा सहायक नहर के पुरैनी नहर पुल से नहर में छलांग लगा दी। युवक के नहर में कूदने की सूचना मिलते ही बिसवां पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से शनिवार रात से ही उसकी तलाश शुरू कराई गई। रविवार को पूरे दिन और सोमवार को भी दिनभर नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। इस दौरान नहर किनारे मौजूद परिजन उसकी सलामती की उम्मीद लगाए रहे। मंगलवार शाम खिदरियापुर गांव के निकट नहर में शव उतराता दिखाई दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और उसकी पहचान कराई। प्रभारी निरीक्षक राम राघव सिंह ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

