ग्रेटर नोएडा की दादरी पुलिस ने मोबाइल टावरों से कीमती उपकरण चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से तीन आरआरयू (RRU) और चार एक्साइड बैटरी हासिल की हैं। इन उपकरणों की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी कय्यूम मंसूरी को ग्राम हजरतपुर के रास्ते से पकड़ा। वह गाजियाबाद के हिंडन विहार का रहने वाला है। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर नोएडा और ग्रेटर नोएडा के ग्रीन बेल्ट में लगे मोबाइल टावरों से आरआरयू और बैटरी चोरी करता था। चोरी किए गए सामान को वह सस्ते दामों पर बेच देता था। इससे मिलने वाले पैसे को वह अपने शौक-मौज पर खर्च करता था। दादरी थाने में आरोपी के खिलाफ चोरी के दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

