हिसार जिले के अग्रोहा में पेयजल पाइपलाइन बिछाने को लेकर मंगलवार को महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज प्रशासन, जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। पाइपलाइन बिछाने के काम पर सहमति नहीं बनने से नाराज ग्रामीणों ने मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि 24 घंटे में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। दरअसल, अग्रोहा में पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से 24 करोड़ 76 लाख रुपए की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके तहत किशनगढ़ ब्रांच नहर से अग्रोहा जलघर तक करीब 3 किलोमीटर लंबी 12 इंच की पाइपलाइन बिछाई जानी है। इस योजना का काम करीब 4 महीने पहले शुरू हुआ था। पाइपलाइन बिछाने का काम मेडिकल कॉलेज परिसर के पास पहुंचने पर रुक गया। मंगलवार को इसी मुद्दे पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन, जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया और जल्द समाधान की मांग की। पाइपलाइन के रास्ते को लेकर हुआ विवाद मंगलवार को जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ अंकुश, जेई विनीत, रमेश शर्मा और बबलू शर्मा के नेतृत्व में पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू किया गया। इसी दौरान मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने कॉलेज परिसर के अंदर से पाइपलाइन ले जाने पर आपत्ति जताई और इसे परिसर की बाहरी बाउंड्री के साथ बिछाने की बात कही। ग्रामीणों को जब काम रुकने की सूचना मिली तो वे मौके पर पहुंच गए और पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू करवाने की मांग की। इस बीच मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को बुला लिया, जिसके बाद काम रुक गया। ग्रामीणों, जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और मेडिकल कॉलेज प्रशासन के बीच शाम तक बातचीत होती रही, लेकिन कोई सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद ग्रामीणों ने मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया। 24 घंटे का अल्टीमेटम, समाधान नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन धरना धरने पर बैठे अग्रोहा के सरपंच आत्मा राम भुक्कल, भाजपा नेता एवं जिला कष्ट निवारण समिति के सदस्य और किसान मोर्चा प्रभारी धर्मवीर जाखड़, सुबे सिंह राठौड़, डॉ. कंवर पाल सिंह, राजबीर भांभू, केडी अग्रोहा, सतपाल राठी, पूर्व सरपंच प्रत्याशी राजबीर ढाका, सुभाष लांग्यान, मेनपाल मूंड और रोहताश राठौड़ फौजी सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि पेयजल योजना गांव के लोगों की जरूरत से जुड़ी हुई है। करोड़ों रुपए की योजना का काम पाइपलाइन के रास्ते को लेकर अटकना चिंताजनक है। ग्रामीणों ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन से मामले का जल्द समाधान निकालने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर पाइपलाइन बिछाने को लेकर सहमति नहीं बनी तो मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। करीब डेढ़ किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने का काम बाकी ग्रामीणों के अनुसार, किशनगढ़ ब्रांच से अग्रोहा जलघर तक प्रस्तावित पाइपलाइन में करीब एक किलोमीटर हिस्से में पाइप दबाया जा चुका है। आगे मेडिकल कॉलेज परिसर आने के कारण काम अटक गया है। करीब 1,500 मीटर पाइपलाइन मेडिकल कॉलेज की बाउंड्री के पास से बिछाई जानी है। पाइपलाइन के रास्ते को लेकर सहमति नहीं बनने से योजना का शेष काम प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल व्यवस्था में सुधार के लिए शुरू की गई इस योजना को जल्द पूरा किया जाना चाहिए, ताकि अग्रोहा के लोगों को इसका लाभ मिल सके।

