जालौन के उरई में सड़क हादसे में घायल बैंक मैनेजर आयुष गुप्ता (30) की मौत हो गई। मंगलवार शाम करीब 6 बजे झांसी में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे आयुष आयुष गुप्ता कुठौंद क्षेत्र के मदारीपुर स्थित यूपी ग्रामीण बैंक में शाखा प्रबंधक के पद पर तैनात थे। सोमवार शाम वह संकट मोचन मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद देर शाम बाइक से घर लौट रहे थे। हाईवे पार करते समय ट्रक ने मारी टक्कर उरई शहर कोतवाली क्षेत्र में गोविंदम तिराहे के पास झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-27 पार करते समय झांसी की ओर से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से आयुष गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मेडिकल कॉलेज से झांसी किया गया रेफर सूचना पर पहुंची पुलिस ने आयुष को राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए झांसी रेफर कर दिया। वहां उनका इलाज चल रहा था, लेकिन मंगलवार शाम करीब 6 बजे उनकी मौत हो गई। ट्रक कब्जे में, चालक की तलाश जारी हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था। कोतवाली प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। उसके खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।

