मेरठ में ऑनलाइन सामान की डिलीवरी को लेकर शुरू हुआ विवाद डॉक्टर के क्लीनिक तक पहुंच गया। डॉक्टर कमलदीप वर्मा ने ई-कॉमर्स कंपनी के डिलीवरी मैन पर अभद्रता, गाली-गलौज और क्लीनिक में घुसकर धमकी देने का आरोप लगाया है। डॉक्टर का कहना है कि डिलीवरी मैन ने उन्हें सामान देने के लिए निर्धारित स्थान पर आने से इनकार कर दिया। जब उन्होंने कंपनी में शिकायत करने की बात कही तो आरोपी कथित तौर पर उनके पीछे क्लीनिक में पहुंच गया और विवाद करने लगा। डिवाइडर के पार खड़ा मिला डिलीवरी मैन
बेगमबाग निवासी कमलदीप वर्मा बेगमपुल पर कैंटोनमेंट अस्पताल के पास आयुर्वेदिक औषधि भंडार के नाम से क्लीनिक चलाते हैं। कमलदीप के मुताबिक, वह इन दिनों नवरात्र के व्रत रख रहे हैं। मंगलवार शाम उन्होंने ऑनलाइन नारियल पानी और कुछ फल मंगाए थे। सामान लेकर पहुंचने वाले डिलीवरी मैन ने उन्हें फोन कर बताया कि वह क्लीनिक के बाहर खड़ा है। डिलीवरी मैन बोला- ऑर्डर कैंसिल कर दो
डॉक्टर का आरोप है कि उन्होंने डिलीवरी मैन से क्लीनिक पर आकर सामान देने के लिए कहा लेकिन उसने आने से इनकार कर दिया। उसने यह भी कहा कि सामान नहीं चाहिए तो ऑर्डर कैंसिल कर दें। इसके बाद कमलदीप खुद क्लीनिक से बाहर आए। उन्होंने देखा कि डिलीवरी मैन सड़क के डिवाइडर के दूसरी ओर काफी दूरी पर खड़ा था। शिकायत की बात कही तो भड़का
कमलदीप के अनुसार, उन्होंने डिलीवरी मैन को सामान लेकर उनके पास आने के लिए कहा लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं हुआ। आरोप है कि इस दौरान उसने अभद्रता शुरू कर दी। डॉक्टर ने अपशब्द बोलने से मना किया तो वह गाली गलौज करने लगा। डॉक्टर ने कंपनी में शिकायत करने की बात कही और वापस अपने क्लीनिक पर आ गए। धमकी देता हुआ क्लीनिक में घुसा
डॉक्टर का आरोप है कि डिलीवरी मैन इसके बाद उनके पीछे-पीछे क्लीनिक के अंदर तक आ गया। वहां उसने उनसे उलझना शुरू कर दिया और गाली-गलौज की। आरोप है कि वह भुगत लेने की धमकी देकर क्लीनिक से बाहर निकल गया। आसपास के व्यापारी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही वह वहां से जा चुका था। डायल-112 पहुंची, थाने में दी तहरीर
घटना के बाद डॉक्टर कमलदीप वर्मा ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और डॉक्टर से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने उन्हें सदर बाजार थाने में शिकायत देने के लिए कहा। मामले की जांच कर रही पुलिस
कमलदीप ने थाने पहुंचकर डिलीवरी मैन के खिलाफ तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। शिकायत में डिलीवरी मैन का नाम अलीशान बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपों की पुष्टि और मामले में आगे की कार्रवाई जांच के बाद स्पष्ट होगी।

