70वीं 17 एवं 19 वर्षीय छात्र-छात्रा जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल, सारण के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और गांव का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। 19 वर्षीय छात्र वर्ग की 3000 मीटर दौड़ में प्रवीण सिंह, 1500 मीटर दौड़ में आनन्द सिंह और 200 मीटर दौड़ में महावीर नाथ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 4×400 मीटर रिले दौड़ में महावीर नाथ, आनन्द सिंह, प्रवीण सिंह और राहुल सालवी की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा 3000 मीटर में आनन्द सिंह, 1500 मीटर में प्रवीण सिंह और 800 मीटर दौड़ में राहुल सालवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 19 वर्षीय छात्रा वर्ग में खुशबू ने 400 मीटर दौड़, 100 मीटर बाधा दौड़ और ऊंची कूद में प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। वहीं 17 वर्षीय छात्र वर्ग में 1500 मीटर दौड़ में राहुल सिंह ने तृतीय और 4×100 मीटर रिले में टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 17 वर्षीय वर्ग की 100 मीटर दौड़ में भाग्यश्री ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चार खिलाड़ियों का राज्य स्तर पर चयन
विद्यालय के चार खिलाड़ी खुशबू, आनन्द सिंह, महावीर नाथ और प्रवीण सिंह का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन होने पर ग्रामीणों एवं विद्यालय परिवार ने उनका स्वागत किया। विद्यालय प्रधानाचार्य पारसमल मेघवाल ने खिलाड़ियों को शुभकामना दी। इस अवसर पर वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक शंकरलाल वैष्णव, अक्षय कुमार, महेंद्र पालीवाल, विजय जांगिड़, छात्र वर्ग दल प्रभारी भंवरसिंह, छात्रा वर्ग दल प्रभारी कांता चौरोटिया सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

