कानपुर में डेंगू संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बीते तीन दिनों में 22 लोग डेंगू संक्रमित मिले हैं। मंगलवार को 13 और रविवार को नौ मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके साथ ही इस साल डेंगू के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 202 हो गई है। नए मरीज शहर के अलग-अलग इलाकों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी मिले हैं। इन इलाकों में मिले मरीज स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, डेंगू संक्रमित मरीज तलाक महल, पटकापुर, निराला नगर, शिवराजपुर, कल्याणपुर, बिल्हौर, चौबेपुर, रावतपुर, अरौल और ककवन समेत विभिन्न क्षेत्रों में मिले हैं। मरीजों की जानकारी मिलने के बाद संबंधित इलाकों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें जांच कर रही हैं। टीमों की ओर से संक्रमण की स्थिति का जायजा लेने के साथ मच्छरों के पनपने की आशंका वाले स्थानों पर भी निगरानी की जा रही है। टीम भेजकर कराई जा रही जांच डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि जिन क्षेत्रों में डेंगू के मरीज मिल रहे हैं, वहां स्वास्थ्य विभाग की टीमें भेजकर जांच कराई जा रही है। उन्होंने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा न होने देने की अपील की। कूलर, गमले, पुराने टायर, खुले बर्तन और अन्य ऐसी जगहों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, जहां पानी ठहर सकता है। पानी जमा न होने दें डॉक्टर बताते हैं कि डेंगू फैलाने वाले एडीज मच्छर का लार्वा रुके हुए पानी में विकसित होता है। ऐसे में पानी जमा रहने पर मच्छरों के पनपने का खतरा बढ़ जाता है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को नियमित रूप से पानी जमा होने वाले स्थानों की सफाई करने और घरों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी है। मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बांह के कपड़े पहनने और सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करने जैसे उपाय भी अपनाने चाहिए।

