भीलवाड़ा में प्लाईवुड से भरे गोदाम में भीषण आग लगी:मजदूरों ने दौड़कर बचाई जान, फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियों ने एक घंटे में काबू पाया

भीलवाड़ा में प्लाईवुड से भरे गोदाम में भीषण आग लगी:मजदूरों ने दौड़कर बचाई जान, फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियों ने एक घंटे में काबू पाया

भीलवाड़ा शहर के रीको औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार दोपहर मुरारका फैक्ट्री के सामने स्थित प्लाईवुड गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। गोदाम से उठती आग की लपटों और काले धुएं के गुबार को देखकर आसपास की फैक्ट्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई। आग से गोदाम में रखा प्लाईवुड और अन्य सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर नगर निगम और पटेलनगर फायर स्टेशन से सात दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। प्लाईवुड से भरे गोदाम में अचानक उठने लगा धुआं प्रतापनगर थाना एएसआई इंद्रलाल ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे ग्रीनलैम लेमिनेटेड अदिनों प्लाई के फर्स्ट फ्लोर स्थित गोदाम में मजदूर रोजाना की तरह काम कर रहे थे। इसी दौरान प्लाईवुड से भरे एक हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा। मजदूर कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया। गोदाम में आग की लपटें उठती देख मजदूर बाहर की ओर दौड़ और अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां एक के बाद एक मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग की गर्मी से टीनशेड क्षतिग्रस्त आग तेजी से फैलने के कारण गोदाम की पहली मंजिल पर लगा टीनशेड भी गर्मी और लपटों की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। आग बुझाने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए लोडर की मदद से ऊपर लगे टीनशेड को तोड़ा गया, ताकि दमकलकर्मी अंदर तक पानी पहुंचाकर आग पर प्रभावी ढंग से काबू पा सकें। इसके बाद फायरकर्मियों ने लगातार पानी की बौछारें कर आग बुझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और आसपास के क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आग के कारणों की जांच में जुटी पुलिस आग से गोदाम में रखा प्लाईवुड और अन्य सामान बड़े पैमाने पर जल गया, जिससे भारी नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, नुकसान की कुल राशि का अभी तक आकलन नहीं हो पाया है। समय रहते मजदूरों के बाहर निकल आने से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *