अलवर शहर में अज्ञात बदमाशों ने एक ATM को उखाड़कर चोरी करने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस की तत्परता से बदमाश अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। ATM से छेड़छाड़ की सूचना मिलते ही पुलिस का गश्ती दल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घटना के बाद बैंक प्रबंधन की ओर से कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया गया है। शहर के बिजली घर चौराहे स्थित इंडियन बैंक में एटीएम लूट का प्रयास सोमवार देर रात को हुआ। यह घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। देखें वारदात से जुड़े PHOTOS CCTV में कैद हुई वारदात की कोशिश घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें 4 बदमाश सफेद रंग की कार को ATM के बाहर बैक करके खड़ा करते हैं और कार की डिग्गी खोल देते हैं। इसके बाद मुंह पर सफेद कपड़ा बांधकर एक बदमाश हाथ में स्प्रे लेकर ATM के अंदर जाता है। वहां लगे CCTV कैमरे पर स्प्रे कर देता है। इससे कैमरे की तस्वीर धुंधली हो जाती है। इसके बाद बदमाश ATM को रस्सी से कार से बांधकर कई बार खींचने का प्रयास करते हैं, लेकिन ATM उखड़ने से पहले ही वे मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा गश्ती दल शहर कोतवाल दिनेश मीणा ने बताया- ATM से छेड़छाड़ की सूचना मिलने पर पुलिस का गश्ती दल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस के पहुंचने से पहले ही बदमाश वहां से फरार हो गए थे। घटनास्थल पर जांच के दौरान प्रथमदृष्टया ATM से चोरी का प्रयास किए जाने की बात सामने आई। समय रहते पुलिस के पहुंचने से बदमाश वारदात को अंजाम नहीं दे सके। SP ने आरोपियों की तलाश के लिए गठित कीं टीमें कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार- बैंक शाखा प्रबंधक की ओर से इस संबंध में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इससे संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ATM को निशाना बनाने की वारदात में कितने बदमाश शामिल थे। उन्होंने चोरी के लिए किस तरीके का इस्तेमाल किया। फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।

