बुरहानपुर में भावसा मध्यम सिंचाई परियोजना के चोंडी डैम में लीकेज को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनके साथ राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और सदस्य भी थे। किसानों ने नारेबाजी की। ज्ञापन सौंपकर लीकेज तुरंत बंद करने की मांग की। ग्राम फोपनार, बड़सिंगी, दहीहांडी, रायगांव, नीमगांव, तुरकगुराडा, पिपरी, खामनी, भावसा, खारी, मालवीर, बक्खारी और मोहद समेत आसपास के गांवों के किसानों ने बताया कि डैम की गेट संरचना से लगातार पानी रिस रहा है। कम बारिश के कारण अगर रिसाव नहीं रुका तो सिंचाई और पीने के पानी का संकट गहरा जाएगा। कलेक्टर ने जांच टीम बनाई पहले डिप्टी कलेक्टर तपीश पांडे ज्ञापन लेने पहुंचे। लेकिन किसानों की मांग पर कलेक्टर हर्ष सिंह आए। किसान नेता इंद्रसेन देशमुख ने जल संकट और लीकेज रोकने की मांग दोहराई। कलेक्टर हर्ष सिंह ने कहा कि एक टीम जांच के लिए मौके पर गई है। जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।

