Avengers Doomsday Trailer: मार्वल की मोस्टअवेटेेड फिल्म ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ (Avengers: Doomsday) रिलीज से पहले ही एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में है। सोशल मीडिया पर सामने आई इस क्लिप में डॉक्टर डूम को थॉर, कैप्टन अमेरिका और दूसरे सुपरहीरोज से भिड़ते दिखाया गया है। वीडियो में शांग-ची, सैम विल्सन, साइक्लोप्स और एक्स-मेन के कुछ कैरेक्टर भी नजर आते हैं। हालांकि, वीडियो की असलियत को लेकर सवाल उठ रहे हैं और कई फैंस इसे AI से बनाया गया वीडियो बता रहे हैं।
ये क्लिप X पर सामने आई है। इसमें डॉक्टर डूम को मार्वल के कई किरदारों का सामना करते हुए दिखाया गया है। वीडियो में उनका अंदाज और धमकी भरा डायलॉग भी लोगों का ध्यान खींच रहा है, लेकिन अभी तक इस फुटेज के फिल्म का आधिकारिक हिस्सा होने की पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इसे फिल्म का असली सीन या लीक हुआ फुटेज मानना सही नहीं होगा।
डॉक्टर डूम के डायलॉग ने खींचा ध्यान
वायरल वीडियो में डॉक्टर डूम कहते सुनाई देते हैं, “तुम चमत्कार का इंतजार करते हो, जैसा कि कमजोर लोग हमेशा करते हैं। तुम्हें बचाने के लिए कोई चमत्कार नहीं होने वाला।”
इसके बाद वह कहते हैं कि खामोशी को मौत नहीं समझना चाहिए था और क्या दफन रहेगा, इसका फैसला डूम करता है। इस डायलॉग ने वीडियो को लेकर उत्सुकता बढ़ाई है, लेकिन सिर्फ डायलॉग या किरदारों की मौजूदगी से फुटेज की प्रामाणिकता साबित नहीं होती।
फैंस ने बताईं वीडियो में गड़बड़ियां
वीडियो वायरल होने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसके असली होने पर संदेह जताया। कुछ लोगों का कहना है कि इसमें AI से बनाए गए विजुअल्स इस्तेमाल किए गए हैं। वहीं, कुछ फैंस ने माना कि वीडियो नकली होने के बावजूद देखने में असली जैसा लगता है।
एक यूजर ने टिप्पणी की कि वीडियो एआई से बनाया गया है, लेकिन यह काफी वास्तविक नजर आता है। एक अन्य यूजर ने कैप्टन अमेरिका के हाथ की बनावट पर सवाल उठाया, खासकर उस हिस्से में जहां वह म्योलनिर को बुलाते दिखाई देते हैं। वहीं, एक यूजर ने डॉक्टर डूम के मास्क को देखकर ही वीडियो के नकली होने का अंदाजा लगाने की बात कही। फिलहाल, वीडियो को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में इसे ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ का असली फुटेज या फिल्म से जुड़ा स्पॉइलर मानने की कोई ठोस वजह नहीं है।

रॉबर्ट डाउनी जूनियर बनेंगे डॉक्टर डूम
‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ को लेकर सबसे बड़ी दिलचस्पी रॉबर्ट डाउनी जूनियर की वापसी को लेकर है। अभिनेता पहले मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स में टोनी स्टार्क यानी आयरन मैन की भूमिका निभा चुके हैं। इस बार वह डॉक्टर डूम के किरदार में नजर आएंगे।
फिल्म का निर्देशन एंथनी रूसो और जो रूसो कर रहे हैं। मार्वल के मुताबिक, ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ (Avengers: Doomsday) 18 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में अलग-अलग सुपरहीरो यूनिवर्स के किरदारों के एक बड़े टकराव का सामना करने की कहानी दिखाई जाएगी। वायरल वीडियो को लेकर उत्सुकता के बीच फिलहाल सबसे अहम बात यही है कि इसे फिल्म का आधिकारिक दृश्य मानने से पहले मार्वल की पुष्टि का इंतजार करना चाहिए।



New Look at Doctor Doom in Asgard in AVENGERS: DOOMSDAY Leak
(@DoomsDayLeaks9)