जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने दीपावली पर हनुमानगढ़ के उपभोक्ताओं को बिना रुकावट बिजली देने की तैयारी तेज कर दी है। हनुमानगढ़ और संगरिया डिविजन की समीक्षा बैठक में बिजली आपूर्ति, राजस्व वसूली और मेंटेनेंस कार्यों की समीक्षा की गई। अधीक्षण अभियंता आरसी चारण ने बताया कि सितंबर तक राजस्व वसूली 91 प्रतिशत रही, जबकि लक्ष्य 100 प्रतिशत है। घरेलू और सरकारी उपभोक्ताओं पर करीब 65 करोड़ रुपए बकाया हैं, जिसमें नगर परिषद पर अकेले 12 करोड़ रुपए की देनदारी है। दीपावली पर बिजली कटौती से बचने के लिए मेंटेनेंस कार्य शुरू हो गया है। कोशिश है कि अक्टूबर के आखिर तक सभी जरूरी काम पूरे हो जाएं। इसके लिए टीमें बनाई गई हैं, जो फीडरवार मेंटेनेंस करेंगी। ज्यादा लोड वाले इलाकों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर भी लगाए जाएंगे। पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में हनुमानगढ़ सर्किल जोधपुर डिस्कॉम में दूसरे स्थान पर है। अब तक लगभग 18,500 कनेक्शन हो चुके हैं। अधिकारियों को आवेदनों का समय पर निपटारा करने के निर्देश दिए गए हैं।

