Eknath Shinde on Rahul Gandhi: दिल्ली में INDIA गठबंधन के प्रदर्शन को लेकर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। शिंदे ने राहुल गांधी की ओर से आंदोलन की तुलना ‘शिव की बारात’ से किए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के प्रति सम्मान बनाए रखना चाहिए। शिंदे ने दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट तक निकाले गए मार्च को लेकर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी और इसे लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
‘शिव की बारात’ वाले बयान पर क्या बोले एकनाथ शिंदे?
शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने राहुल गांधी के आंदोलन की तुलना ‘शिव की बारात’ से किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इस तुलना के जरिए गलत बात कही है और भगवान शिव का सम्मान किया जाना चाहिए।
शिंदे ने अपने बयान में कहा कि यदि भगवान शिव अपना तीसरा नेत्र खोल दें, तो पूरा देश-विरोधी INDI गठबंधन जलकर भस्म हो जाएगा। उन्होंने इस तुलना को भगवान शिव का अपमान बताते हुए कहा कि इसे तांडव नहीं, बल्कि गुंडागर्दी कहा जाना चाहिए।
‘सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालना भारतीय इतिहास का काला दिन’
दिल्ली में राहुल गांधी के नेतृत्व में हुए INDIA गठबंधन के प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए शिंदे ने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला गया। उन्होंने इस घटनाक्रम को लोकतंत्र की हत्या और देश के इतिहास का काला दिन बताया।
शिंदे ने इस प्रदर्शन को सुप्रीम कोर्ट का अपमान करार दिया। उन्होंने राहुल गांधी पर बार-बार आंदोलन के जरिए राजनीतिक सुर्खियों में बने रहने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने यह भी दावा किया कि देश में अस्थिरता और अराजकता पैदा करने तथा विकास की गति रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साजिश की जा रही है।
विदेशी साजिश का लगाया आरोप
उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी आए दिन नौटंकी और आंदोलनों का स्टंट करते हैं। देश की प्रगति को रोकने, अराजकता फैलाने और देश में अस्थिरता लाने के लिए यह एक सुनियोजित अंतरराष्ट्रीय साजिश है। लेकिन देश की जनता इस साजिश को कभी कामयाब नहीं होने देगी। पड़ोसी देशों का जिक्र करते हुए शिंदे ने कहा, “यह नेपाल, श्रीलंका या बांग्लादेश नहीं है। यह नया भारत है, जहां ऐसी अराजकता स्वीकार नहीं की जाएगी।”
महिला पत्रकार के घायल होने पर राहुल गांधी को घेरा
दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान एक गर्भवती महिला पत्रकार के घायल होने की घटना पर भी एकनाथ शिंदे ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह कैमरे के सामने बने रहने के लिए लोगों को धक्का दे रहे थे और इस दौरान उन्हें यह भी ध्यान नहीं रहा कि महिला पत्रकार गर्भवती हैं। शिंदे ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
दिल्ली में INDIA गठबंधन के प्रदर्शन और राहुल गांधी की ‘शिव की बारात’ संबंधी टिप्पणी को लेकर एकनाथ शिंदे के बयान के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। शिंदे ने प्रदर्शन के तरीके, सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने और धार्मिक प्रतीक के इस्तेमाल पर सवाल उठाए हैं।


मुंबई पत्रकारांशी संवाद – लाईव्ह