एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनोट ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े अपराधों पर चिंता जताई। मंगलवार को उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक खबर शेयर की। इसमें जर्मनी में एक रोबोट पर लड़की के साथ गलत हरकत करने का आरोप लगाया गया था। इस खबर के साथ कंगना ने लिखा कि दुनिया अभी AI के दौर में पूरी तरह पहुंची भी नहीं है, लेकिन इससे जुड़े अपराध शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि अभी कई अपराध इसलिए नहीं होते, क्योंकि अपराधियों को पकड़े जाने का डर होता है या उनमें ऐसा करने की हिम्मत नहीं होती। कंगना ने सवाल उठाया कि अगर भविष्य में AI से अपराध करने में कोई रुकावट नहीं रही, तो दुनिया कैसी होगी? क्या है पूरा मामला? दरअसल, जर्मनी के कोलोन शहर में 16 साल की लड़की के साथ गलत हरकत करने के आरोप में पुलिस ने एक रोबोट जब्त किया है। आरोप है कि रोबोट ने लड़की के पीछे से आकर उसके शरीर को गलत तरीके से छुआ और उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। घटना के समय लड़की अपने दोस्तों के साथ एक फास्ट फूड रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी थी। बताया गया है कि इस घटना को सोशल मीडिया पर लाइव स्ट्रीम भी किया गया था। यह घटना रविवार को कोलोन की व्यस्त सड़क होहेनजोलर्नरिंग पर हुई। डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 1.2 मीटर लंबा लाल और सुनहरे रंग का रोबोट अचानक लड़की के पीछे पहुंचा। इसके बाद उसने लड़की के कूल्हों को छुआ और उसके शरीर से सटकर अश्लील हरकतें कीं। इस मामले में रोबोट के 16 साल के मालिक और उसके 19 साल के साथी पर घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग करने और लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान कमेंट्री करने का शक है। रोबोट का मालिक वेगबर्ग का रहने वाला बताया गया है। कार की डिक्की में छिपाया था रोबोट घटना की सूचना मिलने के बाद कोलोन पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस को संदिग्ध मैग्नसश्ट्रासे और होहेनजोलर्नरिंग के चौराहे के पास मिले। अधिकारियों के मुताबिक, रोबोट को एक वोक्सवैगन कार की डिक्की में छिपाकर रखा गया था। पुलिस के पहुंचने से पहले उसके मालिक ने उसे कार में रख दिया था। पुलिस ने रोबोट के साथ दोनों संदिग्धों के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इन मोबाइल फोन की जांच की जाएगी, ताकि घटना की रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया पर लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी जानकारी मिल सके। रोबोट को कौन चला रहा था, इसकी जांच जारी कोलोन पुलिस इस मामले में यौन उत्पीड़न की आशंका के तहत जांच कर रही है। जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि घटना के समय रोबोट कैसे काम कर रहा था और क्या कोई व्यक्ति दूर से उसकी गतिविधियों को नियंत्रित कर रहा था। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों संदिग्धों की इस घटना में क्या भूमिका थी। फिलहाल रोबोट की गतिविधियों, उसे नियंत्रित करने के तरीके और घटना की रिकॉर्डिंग से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।
कंगना रनोट ने एआई अपराधों पर जताई चिंता:जर्मनी में रोबोट पर लड़की से गलत हरकत करने का आरोप; बोलीं- भविष्य में क्या होगा?

