बारां के शाहाबाद में 500 साल पुराना श्री नगरकोट माताजी मंदिर है। 200 फीट ऊंची पहाड़ी पर बने इस मंदिर में दूर-दराज से भक्त आते हैं। यहां मांगी गई हर मुराद पूरी होती है, संतान प्राप्ति के लिए भक्त काफी संख्या में पहुंचते हैं।
मंदिर का निर्माण और माता की मूर्ति की स्थापना 1521 ईस्वी में राजा मुकुट मणि ने कराई थी। राजा युद्ध से पहले देवियों की पूजा कर मंदिर बनवाते थे। नगरकोट माता को नगर की रक्षक के रूप में पूजा जाता है। मंदिर परिसर में हनुमान जी, भैरूजी के मंदिर, यज्ञशाला और एक प्राचीन तालाब भी है। राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों से भक्त यहां आते हैं।
चैत्र और वैशाख नवरात्र में मंदिर में विशेष रौनक रहती है। नौ दिनों के उत्सव में अनुष्ठान, भजन, भंडारे होते हैं। इस दौरान बड़ा मेला लगता है, हजारों भक्त शामिल होते हैं।

