मिर्जापुर डीएम ने नवरात्र मेला व्यवस्थाओं का जायजा लिया:जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेटों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए, श्रद्धालुओं में बांटा प्रसाद

मिर्जापुर डीएम ने नवरात्र मेला व्यवस्थाओं का जायजा लिया:जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेटों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए, श्रद्धालुओं में बांटा प्रसाद

मिर्जापुर में शारदीय नवरात्र मेला को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने विंध्याचल, अष्टभुजा और कालीखोह मंदिर परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने दर्शन मार्ग, प्रवेश-निकास द्वार, बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश, साफ-सफाई, शौचालय, प्रसाद की दुकानों और गंगा घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं से संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी भी ली। वहीं, पुरानी वीआईपी मार्ग पर तीर्थयात्री सेवा समिति की ओर से संचालित भंडारे में जिलाधिकारी ने प्रसाद वितरित किया। श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगमता से मां का दर्शन-पूजन कराने के बाद सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस दौरान नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्र, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी, रत्नेश चंद पांडेय और रामेश्वर त्रिपाठी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
ड्यूटी प्वाइंट छोड़ने से पहले दें जिम्मेदारी मेला क्षेत्र के भ्रमण के बाद जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने विंध्याचल स्थित प्रशासनिक भवन में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने तैनाती स्थल पर 24 घंटे अलर्ट मोड में रहें। कोई भी अधिकारी प्रतिस्थानी अधिकारी के पहुंचने और जिम्मेदारी संभालने के बाद ही अपना ड्यूटी प्वाइंट छोड़े।
उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन के लिए प्रवेश और निकास द्वार अलग-अलग रखे जाएं तथा श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराया जाए। मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था लगातार दुरुस्त रखी जाए। पार्किंग स्थलों पर वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा कराया जाए और रूट डायवर्जन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जाम की स्थिति न बने। जिलाधिकारी ने प्रमुख स्थलों पर लाउडस्पीकर और एनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं को मार्ग, पार्किंग और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने के भी निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सिंह सहित सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *