बर्रा में युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर रेप करने और अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि विरोध और पुलिस से शिकायत की बात कहने पर उसे गैंगस्टर अजय ठाकुर के नाम से डराया गया। बाद में अजय ठाकुर ने भी उसे मिलने के लिए बुलाया और स्कार्पियो में बैठाकर धमकी देते हुए कहा कि– तुम्हारे घरवालों की लाशों का पता नहीं चलेगा, मेरा नाम गूगल में सर्च कर लेना। पुलिस मेरा कुछ भी नहीं कर पाती। जिसके बाद से युवती और उसका परिवार दहशत में है। पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर से गुहार लगायी, जिसके बाद तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। होजरी फर्म में काम सीखने के दौरान हुई थी मुलाकात गोविंद नगर निवासी युवती के मुताबिक कर्रही निवासी आयुष वर्मा से उसकी मुलाकात एक होजरी फर्म में काम सीखने के दौरान हुई थी। एक दिन वह चाचा की डांट से परेशान थी। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर आयुष ने उसे शादी करने का भरोसा दिया और अपने झांसे में ले लिया। युवती ने बताया कि एक जुलाई 2025 को आयुष अपने दोस्त अंकित के साथ उसे कोपरगंज स्थित एवी होटल ले गया। वहां कोल्ड ड्रिंक में कुछ मिलाकर पिलाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह हाथ-पैर तक नहीं हिला पा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान आयुष ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और वीडियो बना लिया। इसके बाद आयुष ने कई बार उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। विरोध पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। परेशान होकर उसने अपनी मां को पूरी बात बताई। पुलिस से शिकायत करने की बात कहने पर आयुष ने उसे गैंगस्टर अजय ठाकुर के नाम से डराया। काली स्कॉर्पियो में बिठाकर धमकाने का आरोप आरोप है कि बाद में अजय ठाकुर ने उसे मिलने के लिए बुलाया और काली स्कार्पियो में बैठा कर बोला कि–आयुष को भूल जाओ, वरना तुम्हारी और घरवालों की लाश नहीं मिलेगी। इसके साथ ही पीड़िता ने एक वीडियो भी पुलिस को दिया, जिसमें गैंगस्टर अजय ठाकुर अपने गुर्गों के साथ उसके घर धमकाने पहुंचा था। बर्रा थाना प्रभारी क्षितिज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस कमिश्नर के आदेश पर गैंगस्टर अजय ठाकुर, आयुष वर्मा और अंकित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

