गेमिंग कंपनी नजारा टेक्नोलॉजीज के संस्थापक नीतीश मित्रसेन ने सोमवार को प्रबंध निदेशक (एमडी) का पद छोड़ दिया। कंपनी ने कैरेटलेन के सह-संस्थापक मिथुन पदम सचेती को कार्यकारी भूमिका सौंपने और मुख्य वित अधिकारी (सीएफओ) राकेश शाह के इस्तीफे की भी घोषणा की। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि मित्रसेन सोमवार को कारोबार समाप्त होने के समय से संस्थापक और गैर-कार्यकारी निदेशक की भूमिका में आ जाएंगे।
वह 13 अक्टूबर से प्रमुख प्रबंधकीय कार्मिक नहीं रहेंगे। मित्रसेन ने एक सितंबर, 2026 से मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पद भी छोड़ दिया है। उन्होंने 1999 में नजारा टेक की स्थापना की थी।
उनके नेतृत्व में कंपनी 2021 में भारत की पहली सूचीबद्ध गेमिंग कंपनी बनी थी। निदेशक मंडल ने सचेती को 12 अक्टूबर से पांच साल के लिए पूर्णकालिक निदेशक और कार्यकारी निदेशक नियुक्त करने की मंजूरी दी है। वह रणनीतिक पहल और निदेशक मंडल की ओर से सौंपी जाने वाली अन्य परिचालन जिम्मेदारियां संभालेंगे।
पूर्णकालिक निदेशक रोहित शर्मा ने उद्यमशीलता के अवसरों को आगे बढ़ाने के लिए इस्तीफा दिया है। उनका इस्तीफा तीन महीने की नोटिस अवधि के बाद 11 जनवरी 2027 को प्रभावी होगा। इसके अलावा, सीएफओ राकेश शाह 15 अक्टूबर को पद छोड़ेंगे।
वह कंपनी से बाहर पेशेवर अवसर के लिए जा रहे हैं और 90 दिन तक कामकाज के हस्तांतरण में सहयोग करेंगे। उनकी जगह पर अरुण अग्रवाल 16 अक्टूबर से कार्यभार संभालेंगे।

