मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में 6 लोगों की हत्या के मामले में फरार आरोपी रामसिंह धीरसिंह तोमर को अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने हरियाणा से गिरफ्तार किया है। 5 मई 2023 को लेपा गांव में एक ही परिवार के 3 महिलाओं और 3 पुरुषों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब 3 साल से फरार था। क्राइम ब्रांच ने 7 दिन तक ऑपरेशन चलाकर उसे गुरुग्राम के एक वेयरहाउस से पकड़ा। आरोपी पर 30 हजार रुपए इनाम भी घोषित था। राजीनामे के नाम पर अहमदाबाद से बुलाया, फिर बरसाईं गोलियां मुरैना जिले के लेपा गांव में दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। स्थानीय जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने बदला लेने के लिए अहमदाबाद से धीरेंद्र और उसके परिजनों को राजीनामे के नाम पर बुलाया था। 5 मई 2023 को सुबह उन पर बंदूकों से हमला कर दिया। अंधाधुंध फायरिंग में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। 9 आरोपियों पर केस हुआ था दर्ज मृतकों में गजेंद्र सिंह बदलू सिंह तोमर, उनके बेटे सत्यप्रकाश सिंह और संजू सिंह के अलावा मधुदेवी, बबली देवी और केशकली देवी शामिल थीं। इस मामले में सिहोनिया पुलिस थाने में 9 आरोपियों के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। आरोपियों पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पिता और चाचा की हत्या का बदला लेने का आरोप
स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2010 में घूरे को लेकर हुए विवाद में वर्तमान में मारे गए लोगों के परिजनों ने दूसरे पक्ष के दो लोगों की हत्या कर दी थी। आरोप है कि इसी दोहरे हत्याकांड का बदला लेने के लिए 2023 में छह लोगों की हत्या की गई। मजदूर बनकर गुरुग्राम में रह रहा था आरोपी छह लोगों की हत्या के बाद रामसिंह फरार हो गया था। बताया गया है कि वह महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और हरियाणा में पहचान छिपाकर सिक्योरिटी गार्ड और मजदूर के रूप में काम करता रहा। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि आरोपी गुरुग्राम के गोपालपुर GIDC इलाके के एक वेयरहाउस में काम कर रहा है। इसके बाद टीम ने गढ़ी-हरसरू रोड पर निगरानी की। पुलिसकर्मी मजदूर और स्थानीय लोगों के भेष में पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सिहोनिया थाना प्रभारी एसआई अतुल परिहार के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी को मुरैना लाने के लिए पुलिस टीम अहमदाबाद भेजी गई है। पान सिंह तोमर का रिश्तेदार होने का दावा आरोपी रामसिंह धीरसिंह तोमर खुद को चंबल के पूर्व डकैत पान सिंह तोमर का पारिवारिक रिश्तेदार बताता है। यह आरोपी का दावा है। पान सिंह तोमर के जीवन पर 2012 में इसी नाम से फिल्म बनी थी। वह भिंड जिले के भिडोसा गांव के रहने वाले थे, जो लेपा गांव के पास है।

