नशीले कफ सिरप की अवैध सप्लाई के मामले में फरार आरोपी अभिषेक निगम को देहरादून से गिरफ्तार किया है। आरोपी 30 मई 2026 को भोपाल के गांधीनगर थाना क्षेत्र के पटेल सिटी में पकड़ी गई नशीले कफ सिरप की फैक्ट्री के मामले में फरार था। उस पर 20 हजार का इनाम घोषित था। एसटीएफ उसे ट्रांजिट वारंट पर मध्यप्रदेश लेकर आई है। फिलहाल पुलिस रिमांड पर उससे पूछताछ की जा रही है। फैक्ट्री से 74,104 कफ सिरप की बोतलें मिली थीं एसटीएफ के मुताबिक, 30 मई को पटेल सिटी, गांधीनगर स्थित फैक्ट्री पर कार्रवाई के दौरान कोडीनयुक्त कफ सिरप की 74,104 बोतलें बरामद की गई थीं। इनमें ऑनरेक्स और ऑफकफ ब्रांड के सिरप शामिल थे। जांच में सामने आया कि अभिषेक निगम कथित तौर पर राहुल कुशवाह और सागर निवासी सीटी जैन के साथ मिलकर इन सिरप की नशे के लिए अवैध सप्लाई करता था। गिरफ्तारी पर घोषित था ₹20 हजार का इनाम आरोपी रीवा के कटरा तलैया का रहने वाला है। एसटीएफ की कार्रवाई के बाद वह रीवा से फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ के उप पुलिस महानिरीक्षक राहुल कुमार लोढ़ा ने ₹20 हजार का इनाम घोषित किया था। विशेष टीम ने 7 अक्टूबर को उसे देहरादून से गिरफ्तार किया। मामले में अब तक 25 आरोपी गिरफ्तार एसटीएफ के अनुसार, इस मामले में अब तक 25 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। कार्रवाई में एसटीएफ भोपाल के पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह भदौरिया, डीएसपी योगिता साटनकर, निरीक्षक हंसराज कुमार, निरीक्षक आशीष चौधरी और अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

