फिरोजपुर से लुधियाना जा रही एक पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक की शिनाख्त न हो पाने के कारण शव को 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। रेलवे पुलिस के अधिकारी प्रकाश सिंह ने बताया कि उन्हें रेलवे स्टेशन चौकीमान के समीप कोठे खजूरा सेम पुल के पास एक व्यक्ति के ट्रेन से कटने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से कोई भी पहचान पत्र, दस्तावेज या मोबाइल जैसा सुराग नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त की जा सके। आसपास के इलाके में भी पुलिस ने पूछताछ की, लेकिन मृतक के नाम और पते के संबंध में कोई सुराग हासिल नहीं हो सका। रेलवे पुलिस के अनुसार, नियमानुसार मृतक की पहचान के लिए शव को 72 घंटे के लिए सरकारी अस्पताल के शव गृह (मोर्चरी) में रखवाया गया है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों और लापता लोगों की रिपोर्ट से मिलान कर मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि यदि निर्धारित 72 घंटे की अवधि में पहचान नहीं हो पाती है, तो पुलिस कागजी कार्रवाई पूरी कर नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार करवा देगी।

