Atar Singh Bhadana Murder Case : जयपुर। भरतपुर के वैर थाना क्षेत्र में हमले में जान गंवाने वाले 73 वर्षीय पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना के शरीर पर बर्बर हमले के निशान मिले हैं। बताया जा रहा है कि उनके सिर पर गहरा और लंबा घाव था। शरीर पर लाठी-सरियों से किए गए अनगिनत वार के निशान भी मिले हैं। एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में सोमवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है। इसके बाद परिजन शव को हरियाणा के फरीदाबाद स्थित पाली गांव ले गए। परिजनों ने पूरे प्रकरण की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है।
एक्स-रे मशीन खराब होने से हुई देरी
एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में एक्स-रे मशीन खराब होने के कारण पोस्टमार्टम में देरी हुई। अतर सिंह भड़ाना के हाथ में गोली लगने की आशंका के चलते एक्स-रे कराया गया, लेकिन जांच में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई। पोस्टमार्टम के दौरान सामने आए चोटों के निशानों से हमले की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालांकि, चोटों की प्रकृति और अन्य चिकित्सकीय तथ्यों की विस्तृत जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी। एसएमएस मोर्चरी में पूर्व विधायक के परिजनों को सांत्वना देने के लिए सांसद राव राजेंद्र सिंह, बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा तथा पूर्व विधायक जीतराम चौधरी और प्रहलाद गुंजल पहुंचे।

