राज्यपाल मंगुभाई पटेल 15 अक्टूबर को दो दिन के ग्वालियर दौरे पर आएंगे। वे राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय और राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। पहले दिन वे कृषि महाविद्यालय में सेंट्रल प्रोसेसिंग लाइन का उद्घाटन भी करेंगे।
15 अक्टूबर को राज्यपाल दोपहर 12 बजे महाराजपुरा एयर टर्मिनल पहुंचेंगे। दोपहर 3.15 बजे वे कृषि महाविद्यालय में सेंट्रल प्रोसेसिंग लाइन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद दोपहर 3.45 बजे कृषि विश्वविद्यालय के 12वें दीक्षांत समारोह में छात्रों को उपाधियां देंगे।
16 अक्टूबर को सुबह 11 बजे राज्यपाल राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। यह समारोह भी कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में होगा। इसके बाद दोपहर 2.05 बजे वे भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे।

