मिशन शक्ति अभियान का शुभारंभ:महिलाओं की सुरक्षा-सम्मान के लिए निकाला पैदल मार्च, भयमुक्त वातावरण का दिया संदेश

मिशन शक्ति अभियान का शुभारंभ:महिलाओं की सुरक्षा-सम्मान के लिए निकाला पैदल मार्च, भयमुक्त वातावरण का दिया संदेश

​आगरा में शारदीय नवरात्र पर मिशन शक्ति अभियान की शुरुआत की गई। इसके तहत सोमवार को महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों और स्वावलंबन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने को पुलिस लाइन्स से एक पैदल मार्च का आयोजन किया गया। इस मार्च को मुख्य अतिथि मेयर हेमलता दिवाकर और पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
​इस अवसर पर ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत महिलाओं को भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण प्रदान करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों, विभागों और पुलिस बल ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ​इन संस्थानों और दलों ने की शिरकत
पैदल मार्च में एस.एन.एम.सी. आगरा का नर्सिंग स्टाफ, आगरा कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स, पुलिस मॉडर्न स्कूल व सेंट जॉन्स कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनके साथ ही महिला पुलिस अधिकारी व कर्मचारी, महिला पीआरवी के वाहन, महिला होमगार्ड और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां भी शामिल हुईं।
इस अवसर पर मेयर ने कहाकि “महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समान अवसर सुनिश्चित करना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। एक सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण प्रत्येक नागरिक के सहयोग से ही संभव है।” ​यह रहा मार्च का रूट
यह पैदल मार्च रिजर्व पुलिस लाइन्स से आरंभ होकर कलेक्ट्रेट तिराहा, सुभाष पार्क तिराहा, पंचकुइयां और सदर तहसील होते हुए पुनः रिजर्व पुलिस लाइन्स पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्ग में जगह-जगह पोस्टरों और बैनरों के माध्यम से महिलाओं के कानूनी अधिकारों, आपातकालीन सेवाओं और आत्मरक्षा से जुड़े संदेश प्रसारित किए गए।
​पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के प्रति सकारात्मक सामाजिक दृष्टिकोण विकसित करना और लैंगिक समानता को बढ़ावा देना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *