अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की ओर से 10 अक्टूबर को दिल्ली के लालकिला मैदान में 5180वीं अग्रसेन जयंती महोत्सव मनाया गया। सम्मेलन के 51 साल के इतिहास में पहली बार यह कार्यक्रम लालकिले के मैदान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कई राजनीतिक हस्तियां, उद्योगपति, सामाजिक कार्यकर्ता और देशभर से आए अग्रवाल समाज के हजारों लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में भगवान श्री अग्रसेन जी के जीवन पर बनी फिल्म ‘सूर्यवंशी अग्रसेन’ का प्रीमियर शो भी हुआ। फिल्म के मुख्य अभिनेता करणवीर वोहरा, अभिनेत्री प्राची बंसल और फिल्म की पूरी टीम इस मौके पर मौजूद रही। आयोजकों के मुताबिक, फिल्म अगले महीने सिनेमाघरों और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी। कई राज्यों के मंत्री, सांसद और जनप्रतिनिधि हुए शामिल अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय उप महामंत्री प्रमोद जैन और छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष रामावतार अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम परमपूज्य गुरुदेव महामंडलेश्वर आनंद अखाड़ा के श्री श्री 1008 स्वामी बालकानंद जी महाराज के सानिध्य में आयोजित किया गया। महोत्सव में असम सरकार के स्वास्थ्य मंत्री अशोक अग्रवाल, झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं विधायक बन्ना गुप्ता, टाटानगर की मेयर सुधा गुप्ता, उत्तराखंड के सांसद नरेश बंसल और आरएसएस के उत्तर क्षेत्रीय संघ चालक पवन जिंदल सहित कई प्रमुख लोग शामिल हुए। इसके अलावा कोलकाता के उद्योगपति निर्मल अग्रवाल, दिल्ली के विनीत लोहिया, सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल, राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यभूषण जैन, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नत्थू राम जैन और राष्ट्रीय चेयरमैन एवं ट्रस्टी एसएस अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में देश के 25 राज्यों से आए प्रदेश अध्यक्षों, महामंत्रियों, राष्ट्रीय पदाधिकारियों, युवा इकाई और महिला इकाई के सदस्यों ने भी हिस्सा लिया। अग्रवाल समाज की एकता और राजनीति में भागीदारी पर जोर मंच से वक्ताओं ने अग्रवाल समाज की एकता, भाईचारे और संगठन की ताकत पर बात की। साथ ही भगवान श्री अग्रसेन जी के सिद्धांतों को अपनाने की अपील की गई। सम्मेलन की ओर से पिछले छह महीनों में किए गए कार्यों की भी सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि अग्रवाल समाज के लोगों को व्यापार और उद्योग के साथ-साथ राजनीति में भी आगे आना चाहिए। इसके लिए समाज को मिलकर रणनीति बनानी होगी, ताकि राजनीतिक क्षेत्र में भी समाज की भागीदारी बढ़ सके। राजस्थान में हुए नगर निकाय चुनावों में मिली सफलता के लिए निर्वाचित मेयर, सभापति, चेयरमैन और पार्षदों को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी गईं। छत्तीसगढ़ से भी शामिल हुए पदाधिकारी इस महोत्सव में छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय उप महामंत्री प्रमोद जैन और प्रदेश अध्यक्ष रामावतार अग्रवाल के साथ राजीव अग्रवाल और गौरीशंकर अग्रवाल भी शामिल हुए। कार्यक्रम की व्यवस्था और आयोजन की सफलता के लिए देशभर से आए पदाधिकारियों ने आयोजकों और अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की दिल्ली इकाई की सराहना की।

