कानपुर में ई-ऑटो से 77 किलो पटाखे बरामद, 2 गिरफ्तार:उन्नाव से खरीदकर गांवों में महंगे दाम पर बेचने की थी तैयारी

कानपुर में ई-ऑटो से 77 किलो पटाखे बरामद, 2 गिरफ्तार:उन्नाव से खरीदकर गांवों में महंगे दाम पर बेचने की थी तैयारी

कानपुर की चकेरी पुलिस ने अहिरवां क्षेत्र में चेकिंग के दौरान ई-ऑटो से 77 किलो 270 ग्राम पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से महाराजपुर क्षेत्र के रहने वाले धीरेंद्र (19) और मोहित यादव (29) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों उन्नाव से थोक में पटाखे खरीदकर कानपुर के आसपास के गांवों में महंगे दाम पर बेचने की तैयारी में थे। बरामद पटाखों की कीमत करीब 1 लाख रुपए आंकी गई है। कार्यवाहक थाना प्रभारी भानू प्रताप सिंह के मुताबिक, रविवार देर रात चकेरी मोड़ के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को ई-ऑटो से पटाखे लाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन रोक लिया। तलाशी में बोरों के अंदर अलग-अलग तरह के पटाखे मिले। पुलिस ने पटाखों को सील करने के साथ ही ई-ऑटो भी कब्जे में ले लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस को देखकर ई-ऑटो की रफ्तार बढ़ाई कार्यवाहक थाना प्रभारी भानू प्रताप सिंह ने बताया कि रविवार देर रात अहिरवां स्थित चकेरी मोड़ के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो युवक उन्नाव से ई-ऑटो में पटाखे लेकर आ रहे हैं और महाराजपुर की ओर जाएंगे। पुलिस ने चेकिंग तेज की तो चकेरी मोड़ की तरफ से आ रहे ई-ऑटो चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया। बोरों की तलाशी में मिले पटाखे पूछताछ में आरोपियों की पहचान महाराजपुर क्षेत्र के गंगागंज निवासी धीरेंद्र और लालापुरवा निवासी मोहित यादव के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों ने बताया कि वे उन्नाव से थोक में पटाखे खरीदकर लाते थे और आसपास के गांवों में फुटकर में अधिक कीमत पर बेचते थे। ई-ऑटो में रखे बोरों की तलाशी लेने पर कुल 77 किलो 270 ग्राम पटाखे मिले। पुलिस ने नमूने के लिए 6 किलो 170 ग्राम पटाखे अलग कर सील किए। बाकी पटाखों को बोरों में रखकर सील कर दिया गया। परिवहन में इस्तेमाल ई-ऑटो को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। चकेरी थाने में तैनात दरोगा जयवीर सिंह की तहरीर पर धीरेंद्र और मोहित के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि बिना वैध अनुमति पटाखों का भंडारण, परिवहन और बिक्री लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकती है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *