भिवानी की अनाज मंडी में बाजरा लेकर पहुंच रहे किसानों को लंबी-लंबी लाइनों में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। सोमवार को स्थिति यह बनी की भिवानी की अनाज मंडी से लेकर विश्वकर्मा चौक से आगे चारा मंडी के गेट तक बाजरे से भरे ट्रैक्टर-ट्रोलियों की लाइनें लगी हुई है। वहीं किसानों का कहना है कि करीब दो से तीन घंटे तक लाइनों में लगना पड़ रहा है। ऐसे में किसानों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि गेटपास कटवाने के लिए करीब 500 मीटर तक लंबी लाइन लगी हुई है। जिसके कारण किसान घंटों इसके लिए लाइन में लगे रहते हैं। ऐसे में किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही उन्होंने मांग की कि गेटपास काटने की प्रक्रिया सुलभ व तीव्र की जाए। जिससे कि किसानों को कोई भी परेशानी ना हो। लेकिन गेटपास कटने में लंबा टाइम लगने के कारण लंबी लाइन लग रही है। किसान बोले- घंटों इंतजार करना पड़ रहा
बाजरा लेकर पहुंचे किसान भिवानी के गांव गोरीपुर निवासी महिपाल, कोहाड़ निवासी सुनील, पालुवास निवासी सुखबीर ने कहा कि वे सुबह ही अपना बाजरा लेकर पहुंच गए थे। लेकिन करीब दो से तीन घंटे इंतजार करने व लाइन में लगा रहने के बाद गेटपास काटने के लिए नंबर आ रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को सरल किया जाए। ऐसे में किसानों ने कहा कि पहले तो इस बार बाजरे की पैदावार कम हुई है और अब बेचने के लिए भी लंबी लाइनें लग रही है। नहीं हो रही सरकारी खरीद
अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान नरेश बंसल उर्फ भुरू ने बताया कि मंडी में सरकारी खरीद नहीं हो रही। प्राइवेट में बाजरे की खरीद की जा रही है। वहीं किसानों को गेटपास कटवाने के लिए लंबी लाइनें लगानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि जो किसान गेटपास कटवाकर मंडी में आते हैं, तो उनका उचित दाम पर बाजरा बिकवाने का प्रयास किया जा रहा है। ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो। गेटपास काटे जा रहे हैं
भिवानी अनाज मंडी के सुपरवाइजर अनिल कुमार ने कहा जो किसान मंडी में पहुंच रहे हैं, उनके गेटपास काटे जा रहे हैं और बायोमैट्रिक्स वैरिफिकेशन की जा रही है। उसमें कुछ समय लगता है। हालांकि इसके लिए 10 से ज्यादा कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ताकि किसानों को परेशानी का सामना ना करना पड़े।

