Red Navratri Outfit Ideas: शारदीय नवरात्रि में पूजा और व्रत के साथ गरबा और डांडिया का भी अलग ही उत्साह देखने को मिलता है। इस दौरान महिलाएं और लड़कियां पारंपरिक कपड़ों में सजना-संवरना पसंद करती हैं। ऐसे में अगर आप नवरात्रि के तीसरे दिन लाल रंग के आउटफिट में खूबसूरत और स्टाइलिश दिखना चाहती हैं, तो चनिया चोली, लहंगा या इंडो वेस्टर्न ड्रेस जैसे विकल्प चुन सकती हैं। सही ज्वेलरी और स्टाइलिंग के साथ आप अपने गरबा लुक को और भी खास बना सकती हैं। आइए जानते हैं कैसे।
रेड चनिया चोली के साथ पाएं ट्रेडिशनल गरबा लुक
गरबा नाइट के लिए रेड चनिया चोली एक अच्छा विकल्प है। इसके लिए आप मिरर वर्क, बंधेज प्रिंट या गोटा पट्टी वाली चनिया चोली चुन सकती हैं। इसके साथ कॉन्ट्रास्ट रंग का दुपट्टा और ऑक्सिडाइज्ड झुमके पहनने से ट्रेडिशनल टच भी मिलेगा। अगर आपके आउटफिट पर पहले से ही काफी कढ़ाई है, तो ज्वेलरी को थोड़ा सिंपल भी रख सकती है। इससे पूरा लुक संतुलित लगेगा।
रेड लहंगे के साथ ट्राई करें बोल्ड लुक
अगर आप गरबा नाइट में थोड़ा हैवी और स्टाइलिश लुक चाहती हैं या चनिया चोली के बजाय कुछ अलग पहनना चाहती हैं, तो रेड लहंगा चुन सकती हैं। गोल्डन एम्ब्रॉयडरी या मिरर वर्क वाला लहंगा आपके लुक को खास बना सकता है। इसके साथ कॉन्ट्रास्ट रंग का ब्लाउज या हल्के रंग का दुपट्टा पहनकर आप अपने आउटफिट को अलग अंदाज दे सकती हैं। लहंगा हैवी होने की वजह से मेकअप में हल्का बेस, आईलाइनर और अपनी पसंद के हिसाब से रेड या न्यूड लिपस्टिक चुनें। इससे आपका लुक खूबसूरत लगेगा और मेकअप जरूरत से ज्यादा हैवी भी नहीं दिखेगा।
रेड कुर्ती और स्कर्ट से बनाएं स्टाइलिश फ्यूजन लुक
अगर आप हर बार गरबा के लिए चनिया चोली पहनकर बोर हो गई हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहती हैं, तो रेड कुर्ती के साथ प्रिंटेड घेरदार स्कर्ट पहन सकती हैं। अगर आपकी कुर्ती प्लेन है, तो स्कर्ट में बंधेज प्रिंट, मिरर वर्क या रंगीन बॉर्डर चुनें। इसके साथ झुमके, चूड़ियां और आरामदायक जूती पहन सकती हैं। यह लुक उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प है, जो पारंपरिक कपड़ों में थोड़ा मॉडर्न अंदाज जोड़ना चाहती हैं।
रेड शरारा या गरारा सेट से पाएं ग्रेसफुल लुक
अगर आपको लहंगा पहनना भारी लगता है, तो रेड शरारा या गरारा सेट भी चुन सकती हैं। इसके साथ हल्की एम्ब्रॉयडरी वाला कुर्ता और मैचिंग दुपट्टा अच्छा लगेगा। गोल्डन झुमके, चूड़ियां और छोटी बिंदी से आप अपने लुक को पूरा कर सकती हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
लाल रंग के आउटफिट के साथ गोल्डन ज्वेलरी, ऑक्सिडाइज्ड झुमके और लाल या मैरून चूड़ियां अच्छी लग सकती हैं। अगर आपका आउटफिट हैवी है, तो बड़े नेकलेस की जगह झुमके और चूड़ियां पहन सकती हैं। वहीं, सिंपल आउटफिट के साथ स्टेटमेंट नेकलेस या मांग टीका ट्राई कर सकती हैं। मेकअप के लिए हल्का बेस, काजल, थोड़ा ब्लश और अपनी पसंद की लिपस्टिक चुनें। हेयरस्टाइल में खुली वेव्स, हाफ अप हेयरस्टाइल या चोटी बना सकती हैं। इसके साथ ही ध्यान दें गरबा के दौरान काफी देर तक डांस करना पड़ सकता है, इसलिए ऐसा मेकअप और हेयरस्टाइल चुनें, जिसे संभालना आसान हो। साथ ही, आरामदायक फुटवियर पहनें, ताकि आप बिना किसी परेशानी के गरबा और डांडिया का आनंद ले सकें।

