झांसी में गुरसरांय नगर में अग्रवाल समाज ने महाराजा अग्रसेन की 5150वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई। इस मौके पर बाइक रैली, संगीतमय सुंदरकांड पाठ और भव्य शोभायात्रा सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह युवाओं ने बाइक रैली निकाली, इसके बाद संगीतमय श्री सुंदरकांड का पाठ हुआ। दोपहर में हाठ स्थित विवाह घर से शोभायात्रा शुरू हुई। यह पुराने बस स्टैंड, थाने की पुलिया, मोदी चौराहा, कटरा बाजार, गुराई बाजार और चौपरा कुआं होते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। शोभायात्रा में बैंड-बाजों के साथ महाराजा अग्रसेन की झांकी निकाली गई। भगवान शिव-पार्वती, राम दरबार, राधा-कृष्ण, मां काली और हनुमान जी की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। समाज के लोगों ने जयकारे लगाए और श्रद्धालु संगीत की धुन पर नृत्य करते रहे। महिलाओं ने जगह-जगह महाराजा अग्रसेन की आरती की। कार्यक्रम में गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत सहित अग्रवाल समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

