उदयपुर शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए बड़ी तैयारी शुरू हो गई है। हाल ही में विधायक ताराचंद जैन ने यूडीए और विभिन्न विभागों के अफसरों के साथ ठोकर चौराहे और यूनिवर्सिटी रोड से शोभागपुरा जाने वाले मार्ग का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने यूडीए के अतिरिक्त मुख्य अभियंता संजीव शर्मा और वरिष्ठ अभियंता नीरज माथुर को तुरंत काम शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले काम शुरू हो जाना चाहिए। चौराहों से अतिक्रमण हटाने, बिजली के ट्रांसफार्मर पीछे खिसकाने और सड़कों को चौड़ा करने का पूरा प्लान तैयार कर लिया गया है। इस पूरी कवायद से चौराहों का विस्तार होगा और शहरवासियों को रोज-रोज के जाम से बड़ी राहत मिलेगी। ठोकर चौराहे पर बढ़ेगी 15 फीट चौड़ाई
बिजली ट्रांसफार्मर हटा: प्रताप नगर से सूरजपोल मार्ग के बीच का ट्रांसफार्मर पीछे शिफ्ट कर दिया गया है। इससे चौराहा करीब 15 फीट चौड़ा हो जाएगा।
बसों के लिए अलग लेन: भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ मार्ग से आने वाली बसों के लिए अलग लेन बनेगी। सवारियों के लिए एक छोटा बस स्टॉप भी तैयार होगा। सूरजपोल-आयड़ मार्ग: यूडीए ने वन विभाग की खाली जमीन ले ली है। इससे सूरजपोल से आयड़ जाने के लिए नई लेन बनेगी। रास्ते में आ रहे 2 अवैध मकानों को नोटिस देकर तोड़ा जाएगा।
बॉटलनेक पर एक्शन: रेलवे ग्राउंड के पास बन रही एक बिल्डिंग की जांच के आदेश दिए गए हैं। सरकारी जमीन पर कब्जा मिलने पर इसे तुरंत ध्वस्त किया जाएगा। यूनिवर्सिटी-शोभागपुरा मार्ग के नाले होंगे समतल
सड़क के बराबर होगा नाला: शोभागपुरा रोड का नाला काफी ऊंचा बना है। लोग सड़क पर ही गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। अब नाले को सड़क के बराबर किया जाएगा, ताकि गाड़ियां नाले पर पार्क हो सकें।
अवैध सीढ़ियां टूटेंगी: दुकानों के बाहर नाले पर बनी सीढ़ियां तोड़ी जाएंगी। हाल ही में सीज दुकानों का सीमांकन होगा। इससे चौराहा 10 फीट और चौड़ा हो जाएगा।
टावर होंगे शिफ्ट: सड़क के बीच आ रहे बिजली के टावर और ट्रांसफार्मर को किनारे शिफ्ट करेंगे। इससे सड़क 8 फीट तक और चौड़ी होगी। बस स्टॉप शिफ्ट होगा: आनंद प्लाजा के पास सड़क पर बने एक मकान की जांच होगी। मुख्य मार्ग पर जगह बनाने के लिए सिटी बस स्टॉप को पुरानी जगह शिफ्ट किया जाएगा। निरीक्षण में यह रहे मौजूद
इस दौरान भाजपा नेता पंकज बोराना, नरेश वैष्णव, डॉ. कविता जोशी, नानालाल वया, जितेंद्र मारू, अरविंद जारोली, वंदना प्रजापत और लोकेश जोशी सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

