उमरिया जिले के चंदिया थाना क्षेत्र स्थित करहिया डैम में रविवार को नहाने गए 26 वर्षीय युवक के डूबने की आशंका है। युवक की पहचान चंदिया के वार्ड नंबर-1 निवासी राहुल बर्मन के रूप में हुई है। चंदिया पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDERF) की टीम उसकी तलाश कर रही है। परिजनों ने कॉल किया तो रिसीव नहीं किया जानकारी के अनुसार, राहुल रविवार को दोस्तों के साथ करहिया डैम गया था। परिजनों ने उसके मोबाइल पर फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद पता चला कि राहुल डैम में नहाने गया था। डैम के पास उसके कपड़े मिले, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और SDERF की टीम को बुलाया गया। SDERF अधिकारी राहुल साहू के मुताबिक, छह सदस्यों की टीम युवक की तलाश में जुटी है। राहुल परिवार का छोटा बेटा है। बताया गया कि रविवार सुबह वह दुर्गा पंडाल में काम कर रहा था। फिलहाल उसकी तलाश जारी है।

