पंचायत चुनावों से पहले अवैध हथियारों की तस्करी रोकने के लिए धौलपुर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सरमथुरा थाना पुलिस ने ग्वालियर से अवैध हथियारों की खेप लेकर आ रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से पांच अवैध हथियार और 38 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी ग्वालियर से करौली जा रही एक निजी बस में सवार था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बसंतपुरा मोड़ पर नाकाबंदी कर उसे पकड़ा। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश के ग्वालियर क्षेत्र के विभिन्न थानों में चोरी सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब उससे हथियारों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी, भागने की कोशिश में पकड़ा पुलिस को खैर नदी पुल के पास मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्वालियर से करौली जा रही एक निजी बस में एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बसंतपुरा मोड़ पर नाकाबंदी की। इस दौरान पुलिसकर्मी धर्मवीर सिंह ने लाल बैग लेकर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्य सिंह ठाकुर निवासी तिलावली, मुरैना (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में ग्वालियर की पंकज विहार कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें अवैध हथियार और कारतूस मिले। बैग से दो पिस्टल, दो कट्टे और एक पौना बरामद पुलिस के अनुसार, आरोपी के बैग से दो देसी पिस्टल .32 बोर, दो मैगजीन, दो देसी कट्टे .315 बोर और एक पौना .315 बोर बरामद हुआ। इसके अलावा .32 बोर के 18 और .315 बोर के 20 जिंदा कारतूस मिले। इस तरह पुलिस ने कुल पांच अवैध हथियार और 38 कारतूस जब्त किए हैं। आरोपी हथियारों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। ग्वालियर के कई थानों में दर्ज हैं आपराधिक मामले पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ ग्वालियर के बहोड़ापुर, मुरार, पड़ाव, जनकगंज और झांसी रोड थाना क्षेत्रों में चोरी सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सरमथुरा थाने में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं केस दर्ज हैं।

