2026 के टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में जसप्रीत बुमराह की मौजूदगी से टीम इंडिया की गेंदबाजी कितनी मजबूत होती है? जानिए बुमराह के खेलने और न खेलने पर भारतीय गेंदबाजों के प्रदर्शन के चौंकाने वाले आंकड़े।
Jasprit Bumrah Impact: जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी का लोहा दुनिया भर के क्रिकेटर मानते हैं। अब आंकड़े भी उनकी शानदार गेंदबाजी के असर को बयां कर रहे हैं। साल 2026 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पूर्ण सदस्य देशों की टीमों के खिलाफ टीम इंडिया के प्रदर्शन से पता चलता है कि प्लेइंग-11 में बुमराह की मौजूदगी कितनी अहम है।
2026 के टी-20I क्रिकेट आंकड़ों के मुताबिक, जसप्रीत बुमराह के प्लेइंग-11 में शामिल रहने पर भारतीय गेंदबाजों ने 15 मैचों में कुल 111 विकेट लिए। इस दौरान गेंदबाजों का औसत 22.18 और इकॉनमी रेट 8.77 रन प्रति ओवर रहा। वहीं, बुमराह की गैरमौजूदगी में खेले गए 13 मैचों में भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन कमजोर रहा। इन मुकाबलों में टीम इंडिया के गेंदबाजों ने कुल 73 विकेट लिए। इस दौरान गेंदबाजी औसत बढ़कर 29.32 हो गया, जबकि इकॉनमी रेट भी बढ़कर 9.37 रन प्रति ओवर पहुंच गया। ये आंकड़े दिखाते हैं कि टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जसप्रीत बुमराह की मौजूदगी भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को कितना मजबूत बनाती है।
बुमराह पर काफी हद तक निर्भर है टीम इंडिया
‘क्रिकबज’ के 2026 के टी-20I के आंकड़ों से स्पष्ट है कि टीम इंडिया जसप्रीत बुमराह पर कितनी निर्भर है। मैच में नियंत्रण बनाए रखने और अहम मौकों पर विकेट लेने के लिए भारतीय टीम को बुमराह पर निर्भर रहना पड़ता है। खासकर तब, जब विपक्षी टीम के बल्लेबाज आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हों।
2026 में जसप्रीत बुमराह का टी-20I क्रिकेट में प्रदर्शन
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने 2026 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 17 मैच खेले हैं। इन मैचों में उन्होंने 59 ओवर गेंदबाजी की और 7.16 की इकॉनमी रेट से रन दिए। उन्होंने 18.39 की औसत से कुल 423 रन खर्च किए और 23 विकेट चटकाए। 2026 में टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 15 रन देकर चार विकेट लेना रहा।
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी-20I में खली बुमराह की कमी
वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया को जसप्रीत बुमराह की कमी खली। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। हालांकि, ओस और गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण टीम इंडिया इस स्कोर का बचाव नहीं कर सकी। शाई होप की शतकीय पारी की बदौलत वेस्टइंडीज ने यह मुकाबला जीत लिया।
Sports – Patrika | CMS

