पितृ पक्ष के समापन के अवसर पर अणेपुर स्थित माधव हैप्पी ओल्ड एज होम में एक भावुक और प्रेरणादायक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अमेरिका से आईं नीलम वर्मा ने अपने स्वर्गीय पिता वेद प्रकाश वर्मा की स्मृति में वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों को उपहार भेंट किए और उनका आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम के दौरान नीलम वर्मा ने आश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों को आदरपूर्वक दोपहर का भोजन कराया। इसके साथ ही सम्मान स्वरूप उन्हें अंगवस्त्र, मिठाई, ताजे फल और स्टील की पानी की बोतलें भेंट कीं। इस पुनीत कार्य में संजीव वर्मा ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई और वृद्धजनों को सम्मानित कर उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। अकेलेपन का दर्द साझा कर भावुक हुए बुजुर्ग उपहार वितरण के बाद नीलम वर्मा ने आश्रम के वृद्धजनों के साथ काफी समय बिताया और उनसे आत्मीय संवाद कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान कई बुजुर्गों ने अपने जीवन के कड़े संघर्ष और अपनों से दूर रहने के अकेलेपन की पीड़ा साझा की। बुजुर्गों का दर्द सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और माहौल बेहद भावुक हो गया। बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं इस अवसर पर माधव हैप्पी ओल्ड एज होम के संस्थापक डॉ. राजवर्धन शुक्ला ने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। जीवन के इस पड़ाव पर उन्हें सबसे ज्यादा प्रेम और अपनेपन की जरूरत होती है, इसलिए उनकी सेवा और सम्मान करना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

