Delhi में इंटरनेट पाबंदी पर Omar Abdullah का तंज, बोले- नए J&K मॉडल में स्वागत है

Delhi में इंटरनेट पाबंदी पर Omar Abdullah का तंज, बोले- नए J&K मॉडल में स्वागत है

राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर कॉजपा के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पांच किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं एहतियातन निलंबित किए जाने पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि ‘‘कश्मीर मॉडल को दिल्ली में लागू कर दिया गया है और नए जम्मू-कश्मीर के मॉडल पर बनी नयी दिल्ली में आपका स्वागत है।’’
उमर अब्दुल्ला ने यह पोस्ट मध्य दिल्ली में जंतर-मंतर के पांच किलोमीटर के दायरे में एहतियातन इंटरनेट सेवाएं निलंबित किए जाने के बाद की। जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) का शनिवार को प्रदर्शन प्रस्तावित था। नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने भी कहा कि दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शनों से निपटने का केंद्र सरकार का तरीका कश्मीर के लोगों के साथ वर्षों से किए जा रहे व्यवहार की याद दिलाता है।

अब्दुल्ला ने कहा कि विपक्ष की आवाज को ‘‘दबाना’’ और लोगों को अपनी जायज चिंताएं उठाने के अधिकार से वंचित करना लोकतंत्र की भावना को ‘‘कमजोर’’ करता है। अब्दुल्ला ने यहां जारी एक बयान में कहा कि सुशासन और प्रभावी प्रशासन के लिए एक मजबूत, सक्रिय और सशक्त विपक्ष जरूरी है, जो जनता की शिकायतों को सामने ला सके और सरकार को जवाबदेह ठहरा सके। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने दिल्ली में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त की तुलना अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर के तत्कालीन राज्य को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के दौरान कश्मीर में लगाई गई पाबंदियों से की।

महबूबा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज की दिल्ली, अनुच्छेद 370 के असंवैधानिक निरस्तीकरण के बाद के कश्मीर की भयावह याद दिलाती है। लोगों को उनके घरों में बंद कर दिया गया था, इंटरनेट बंद कर दिया गया था और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई थी। तब भाजपा ने बेशर्मी से दावा किया था कि किसी ने विरोध प्रदर्शन नहीं किया।’’
उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन को ‘‘कुचलने’’ के बाद सत्तारूढ़ प्रतिष्ठान दावा करेगा कि कोई प्रदर्शन नहीं हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *