पितरों के तर्पण के लिए पहुंचे लोग, घाटों पर पड़ी मिली गंदगी

पितरों के तर्पण के लिए पहुंचे लोग, घाटों पर पड़ी मिली गंदगी

भास्कर संवाददाता | गुना पितरों के तर्पण के लिए साल की महत्वपूर्ण तिथियों में शामिल सर्वपितृ श्राद्ध अमावस्या पर शनिवार को सिंगवासा तालाब पहुंचे श्रद्धालुओं को गंदगी के बीच धार्मिक अनुष्ठान करना पड़ा। घाटों के आसपास कचरा, बदबू और पानी में तैरते गणेश प्रतिमाओं के अवशेष नजर आए। कई श्रद्धालु घाट पर बैठकर विधि-विधान से तर्पण करने के बजाय दूर से ही जल और कुशा अर्पित कर लौट गए। हैरानी की बात यह है कि सिंगवासा तालाब वार्ड 34 में आता है। इसी वार्ड में सोमवार को नगरपालिका, स्थानीय प्रशासन और भाजपा ने विशेष स्वच्छता अभियान चलाया था। ऐसे में सवाल उठता है कि जब वार्ड में सफाई अभियान चलाया जा रहा था, तब सिंगवासा तालाब के घाटों की सफाई को प्राथमिकता क्यों नहीं दी गई? अनंत चतुर्दशी और ग्यारस पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद जमा पूजा सामग्री को भी नहीं हटाया गया। सोमवार को वार्ड 34 में नगरपालिका, स्थानीय प्रशासन और भाजपा की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया था। सिंगवासा तालाब भी इसी वार्ड का हिस्सा है। ऐसे में अभियान के दौरान तालाब और उसके घाटों की सफाई कराई जा सकती थी। इससे श्राद्ध अमावस्या पर तर्पण के लिए आने वाले लोगों को साफ घाट मिलते। सवाल यह है कि क्या अभियान में तालाब की सफाई को शामिल किया गया था? गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद तालाब में मूर्तियों के अवशेष, पुआल, फूल-मालाएं और प्लास्टिक की थैलियां जमा हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *